#विविध

January 2, 2026

हिमाचल का एक घर वाला गांव- आबादी सिर्फ 6, अब BSNL ने पहुंचाया टावर

पांच पीढ़ियों से एक ही छत के नीचे जीवन

शेयर करें:

Lahaul Spiti Village BSNL Tower kakti

लाहौल-स्पीति। दुनिया तेजी से डिजिटल हो रही है, लेकिन हिमाचल प्रदेश की स्पीति घाटी में बसा काकती गांव अपनी अनोखी पहचान के कारण आज भी अलग नजर आता है। काजा से करीब 10 किलोमीटर दूर ऊंचे पहाड़ी टीले पर स्थित यह गांव देश का इकलौता ऐसा राजस्व गांव है, जहां सिर्फ एक ही घर है।

देश का इकलौता गांव

सदियों से एकांत और सन्नाटे में जीवन जी रहे इस गांव ने अब डिजिटल युग में कदम रख दिया है। BSNL द्वारा स्थापित 4G टावर के बाद काकती गांव भी देश-दुनिया से मोबाइल नेटवर्क के जरिए जुड़ गया है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बर्फबारी : भीषण ठंड की चपेट में कई जिले, पर्यटकों का उमड़ा सैलाब

गांव में सिर्फ एक ही घर

काकती गांव की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह देश का पहला ऐसा राजस्व गांव है, जहां केवल एक ही घर मौजूद है। प्रशासनिक रिकॉर्ड में दर्ज इस तथ्य की पुष्टि ADC काजा शिखा सिमटिया ने भी की है। सरकारी दस्तावेजों में काकती गांव की कुल भूमि मात्र 15 बीघा दर्ज है और इसी जमीन पर 300 साल पुराना एक पारंपरिक मड हाउस खड़ा है। यही घर इस गांव की पहचान भी है और पूरी आबादी भी।

पांच पीढ़ियों से एक ही छत के नीचे जीवन

इस एकमात्र घर में एक ही परिवार की पांचवीं पीढ़ी निवास कर रही है। घर में दो भाई रहते हैं-छोटे भाई कलजंग टाकपा लामा, जबकि बड़े भाई छेरिंग नामगयल अपनी पत्नी रिंगजिन यूडन के साथ यहीं रहते हैं। परिवार में बेटे सोनम छोपेल लामा, विशेष आवश्यकता वाले नवांग ज्ञालसन और टैक्सी चालक नवांग कुंगा शामिल हैं। वर्तमान में परिवार के सभी बेटे बाहर हैं और पति-पत्नी इस विशाल सन्नाटे के बीच अकेले रहते हैं।

यह भी पढ़ें : नए साल पर सुक्खू सरकार की पहल- नौकरी लेंगे नहीं देंगे युवा, स्टार्टअप शुरू करने को मिलेंगे 2 करोड़

300 साल पुराना मड हाउस

करीब तीन सौ साल पुराना यह मड हाउस मिट्टी और पत्थरों से बना है, जो हिमालयी वास्तुकला का बेहतरीन नमूना माना जाता है। गर्मियों में यह घर प्राकृतिक रूप से ठंडा रहता है, जबकि सर्दियों में भीतर की गर्मी को संजोकर रखता है। जब बाहर का तापमान शून्य से 20 डिग्री सेल्सियस नीचे चला जाता है, तब भी यह घर परिवार को सुरक्षित और अपेक्षाकृत गर्म आश्रय प्रदान करता है।

मोबाइल नेटवर्क से बदली दिनचर्या

छेरिंग नामगयल बताते हैं कि पहले दुनिया की खबरें हफ्तों बाद मिलती थीं, लेकिन अब मोबाइल फोन के जरिए वे पल-पल की जानकारी पा सकते हैं। 4जी नेटवर्क आने से प्रशासनिक संपर्क, मौसम की जानकारी और बाहरी दुनिया से संवाद पहले से कहीं आसान हो गया है। हालांकि डिजिटल कनेक्टिविटी के बावजूद गांव की जीवनशैली आज भी बेहद सादगीपूर्ण और आत्मनिर्भर है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : काम के बहाने बुलाई महिला से की नीचता, मुंह बंद रखने की दी धमकी- मामला दर्ज

शहर की चकाचौंध से दूर

परिवार का कहना है कि उन्हें शहरों की चकाचौंध बिल्कुल पसंद नहीं। कभी-कभार रिवालसर या नैनीताल जैसे स्थानों पर घूमने जरूर जाते हैं, लेकिन वहां भी अधिक दिन रुक नहीं पाते। हाल के वर्षों में गांव तक सड़क पहुंची है और बिजली भी आ गई है, फिर भी सर्दियों में जीवन आसान नहीं होता। करीब छह महीनों तक बर्फबारी के चलते गांव दुनिया से कट जाता है, इसलिए परिवार पहले से ही राशन और जरूरी सामान जमा कर लेता है।

दुर्गम रास्ते, कठिन सफर

काकती गांव तक पहुंचने के लिए दो प्रमुख मार्ग हैं। पहला रास्ता चंडीगढ़–मनाली–कुंजम–काजा होकर लगभग 512 किलोमीटर का है, जबकि दूसरा मार्ग चंडीगढ़–शिमला–किन्नौर–ताबो–काजा होकर करीब 635 किलोमीटर लंबा है। काजा में पर्यटकों के लिए होम-स्टे और होटल की सुविधा उपलब्ध है, लेकिन काकती तक पहुंचना आज भी साहस और धैर्य की परीक्षा है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में कॉलेज छात्रा की मौ*त, प्रोफेसर सहित 4 पर लगे आरोप- फोन पर मिली वीडियो, खुली पोल

सीमांत क्षेत्रों के असली प्रहरी

स्पीति के लोग सिर्फ कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में जीवन जीने वाले नागरिक ही नहीं, बल्कि देश के असली प्रहरी भी हैं। कई गांव चीन सीमा से महज 10 से 15KM की दूरी पर बसे हैं। जहां लाहुल क्षेत्र के कई लोग आधुनिक सुविधाओं के कारण पलायन कर चुके हैं, वहीं स्पीति के लोग आज भी अपनी मातृभूमि से जुड़े हुए हैं। सीमांत इलाकों में रहकर देश की सीमाओं के पास बसना अपने-आप में राष्ट्र सेवा का उदाहरण है।

सादगी का प्रतीक है काकती गांव

काकती गांव आज भी सादगी, आत्मनिर्भरता और प्रकृति के साथ सामंजस्य का प्रतीक है। 4G नेटवर्क की दस्तक ने इसे डिजिटल दुनिया से जरूर जोड़ दिया है, लेकिन इसकी आत्मा अब भी उसी मिट्टी, पत्थर और सदियों पुराने संस्कारों में बसती है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें 

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख