#विविध
September 4, 2025
हिमाचल में लैंडस्लाइड ने मचाया हाहाकार- एक की थमीं सांसें, महिला समेत 6 लोग मलबे में दबे
3 लोगों को मलबे से सुरक्षित निकाला- बचाव कार्य जारी
शेयर करें:
कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में बारिश का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार हो रही बारिश ने हर तरफ तबाही मचा दी है। आज तड़के कुल्लू जिले के अखाड़ा बाजार में भूस्खलन की ताजा घटना ने फिर से जनजीवन को हिला दिया।
पहाड़ी से गिरे भारी मलबे ने दो मकानों को चपेट में ले लिया। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक महिला सहित छह लोग घरों के भीतर फंस गए। बारिश और कीचड़ बचाव कार्य में बड़ी बाधा बन रही है।
NDRF और स्थानीय पुलिस की टीमों ने राहत अभियान चलाकर अब तक तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। बाकी फंसे लोगों को निकालने के लिए ऑपरेशन जारी है। मगर लगातार पहाड़ी से गिर रहे मलबे के कारण टीमों को बचाव कार्य करने में दिक्कत आ रही हैं।
इसी अखाड़ा बाजार में कल हुए भूस्खलन में दबे NDRF के जवान को भी 24 घंटे बाद आज सुबह मलबे से बाहर निकाला गया। उसे तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। जवान का रेस्क्यू होना राहत भरी खबर जरूर है, लेकिन उसकी गंभीर स्थिति ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आज सुबह 10 बजे तक किन्नौर, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं, कल के लिए कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर जिलों में यलो अलर्ट घोषित किया गया है।