#विविध
February 16, 2025
हिमाचल : पैसा कमाने विदेश गया था शख्स, घर पहुंची देह- परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
दो साल बाद पहली बार मार्च में लौटना था घर
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उपमंडल फतेहपुर के मकड़ोली से नाइजीरिया में काम करने गए व्यक्ति की हृदयाघात से मौत हो गई है। व्यक्ति अपने परिवार का एक मात्र सहारा था। उसकी मौत के बाद परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
बताया जा रहा है कि व्यक्ति दो साल पहले रोजगार की तलाश में नाइजीरिया गया था। इसी साल 25 मार्च को उसने अपने पैतृक गांव लौटना था। मगर अब उसका शव घर पहुंचा है- जिसने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 39 वर्षीय राजीव कुमार फतेहपुर के मकड़ोली का रहने वाला था। दो साल राजीव काम करने के लिए नाइजीरिया गया था। राजीव वहां पर एक लोहा फैक्ट्री में हेल्पर का काम करता था। नाइजीरिया जाने का बाद राजीव अभी तक एक बार भी घर नहीं लौटा था।
राजीव ने मार्च महीने में पहली बार अपने पैतृक गांव लौटना था। मगर बीती 10 फरवरी को नाइजीरिया के लागोस शहर में हृदयघात से उसकी मौत हो गई। राजीव की मौत के बाद से परिवार गहरे सदमे में है। राजीव का पार्थिव शव बीते कल उसके पैतृक गांव पहुंचा- जिसे देखकर मौके पर चीख-पुकार मच गई।
राजीव अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है। राजीव अपने परिवार की एकमात्र आय का स्रोत था। राजीव की मौत ने बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी और दो बच्चों को बेसहारा कर दिया है। राजीव के दोनों बच्चे अभी छोटे हैं। राजीव की बेटी 11 साल और बेटा महज 6 साल का है। परिवार की बेबसी देखकर हर किसी की आंखें नम हैं।
राजीव की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में माहौल गमगीन है। मृतक के परिजन और ग्रामीण गहरे शोक में डूबे हुए हैं। राजीव का अंतिम संस्कार उसके पैतृक गांव के शमशान घाट में किया गया। राजीव के 6 साल के मासूम बेटे ने पिता को मुखाग्नि दी। ग्रामीणों ने राजीव के परिवार की आर्थिक मदद करने की मांग की है।