#विविध
April 16, 2026
हिमाचल की इंफ्लूएंसर ने फौजियों पर की गंदी टिप्पणी, बोली- पत्नी-गर्लफ्रेंड के प्रति लॉयल नहीं होते; थाने पहुंचा मामला
वीडियो वायरल होते ही भड़का विवाद- अब हो रही खूब ट्रोल
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर की सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर इशिता पुंडीर अपने एक विवादित बयान के बाद जबरदस्त आलोचना का सामना कर रही हैं। फौजियों को लेकर की गई उनकी टिप्पणी सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गई, जिसके बाद उन्हें ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा और आखिरकार माफी मांगनी पड़ी।
इशिता पुंडीर ने एक वीडियो में कहा था कि “फौजी भारत मां के प्रति वफादार होते हैं, लेकिन निजी रिश्तों में लॉयल नहीं होते।” उन्होंने आगे दावा किया कि “90 प्रतिशत फौजी अपनी गर्लफ्रेंड और पत्नी के प्रति वफादार नहीं होते और उनके पास कई बैकअप रिश्ते होते हैं।” इशिता ने यह भी कहा कि उन्हें इस बारे में “पर्सनल एक्सपीरियंस” है।
जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। कई फौजी जवान, उनके परिवार और आम यूजर्स सामने आए और इस बयान की कड़ी आलोचना की।
फौजियों की पत्नियों ने भी वीडियो बनाकर इशिता की टिप्पणी को गलत और अपमानजनक बताया। कई यूजर्स ने उन्हें अनफॉलो करने की बात कही और माफी की मांग उठाई।
विवाद बढ़ने पर इशिता ने शुरुआत में एक पोस्ट के जरिए सफाई दी और कहा कि उनके शब्दों का गलत मतलब निकाला जा रहा है। उन्होंने लिखा कि “ये मेरे विचार हैं, लोगों को इससे इतनी तकलीफ क्यों हो रही है।”

हालांकि, लगातार बढ़ते विरोध के बाद उन्होंने एक वीडियो जारी कर फौजियों और उनकी पत्नियों से माफी मांगी। उन्होंने स्वीकार किया कि उन्हें ऐसी वीडियो नहीं बनानी चाहिए थी और उनसे गलती हुई है।
ट्रोलिंग बढ़ने के बाद इशिता ने अपने फेसबुक अकाउंट पर कमेंट सेक्शन को बंद कर दिया, ताकि लोग प्रतिक्रिया न दे सकें। हालांकि इससे पहले ही उनके पोस्ट पर भारी विरोध दर्ज हो चुका था।
इशिता पुंडीर के फेसबुक पर करीब 35 लाख और इंस्टाग्राम पर 10 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं। वह खेती-बाड़ी और ग्रामीण जीवन से जुड़े वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर लोकप्रिय हुईं।
सोशल मीडिया पर ददाहू थाना प्रभारी के नाम एक शिकायत पत्र भी वायरल हो रहा है, जिसमें फौजियों के अपमान का हवाला देते हुए कार्रवाई की मांग की गई है। हालांकि, पुलिस के पास अभी तक कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है।