#लोकसभा चुनाव 2024
April 16, 2026
हिमाचल पंचायत चुनाव का मास्टर प्लान तैयार: तीन चरणों में मतदान! दो संभावित शेड्यूल का खुलासा.. जानें
आयोग 20 अप्रैल के बाद कर सकता है चुनावों की तारीख का ऐलान
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। एक तरफ जहां पंचायत चुनाव तीन चरणों में करवाए जाने की बात सामने आ रही है। वहीं पंचायत चुनाव के लिए मतदान का भी संभावित शेड्यूल सामने आया है। अगर सब कुछ सही रहा तो इन तारीखों को हिमाचल में पंचायत चुनाव होने की संभावना है। बता दें कि पंचायत चुनाव को लेकर जहां ग्रामीण स्तर पर गतिविधियां तेज हो गई हैं। वहीं राजनीति पार्टियों ने भी कमर कस ली है। वहीं चुनाव तिथियों के एलान से पहले CM सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कैबिनेट की अहम बैठक बुलाई है- जिसे चुनावी रणनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
राज्य निर्वाचन आयोग 20 अप्रैल के बाद कभी भी पंचायत चुनाव की तारीखों का एलान कर सकता है। संभावित कार्यक्रम के अनुसार चुनाव तीन चरणों में कराए जा सकते हैं- 20, 22 और 23 मई या फिर 21, 23 और 24 मई को मतदान हो सकता है। हालांकि अंतिम तारीखों में बदलाव की संभावना बनी हुई है।
आयोग ने चुनाव चिह्न तय कर दिए हैं और मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्य भी अंतिम चरण में है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार 31 मई से पहले चुनाव करवाना अनिवार्य है, ऐसे में प्रशासन तेजी से तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है।
प्रदेश की 3757 पंचायतों और 73 शहरी निकायों में चुनाव होने हैं। जून महीने में नए प्रतिनिधियों के शपथ ग्रहण और प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।पंचायत और अधिकतर निकाय चुनाव पार्टी चिह्न पर नहीं होंगे, लेकिन नगर निगम चुनाव पार्टी सिंबल पर ही लड़े जाएंगे। ऐसे में कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दल इन चुनावों में पूरी ताकत झोंकने की तैयारी में हैं।
सियासत सिर्फ पंचायत तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जिला परिषद और पंचायत समिति BDC के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पदों पर भी कब्जा जमाने के लिए राजनीतिक दल रणनीति बना रहे हैं। इसके लिए ज्यादा से ज्यादा समर्थित उम्मीदवारों को जिताना जरूरी होगा।
17 अप्रैल को प्रस्तावित कैबिनेट बैठक में सरकार कुछ बड़े फैसले ले सकती है। बजट में की गई घोषणाओं को लागू करने की दिशा में भी निर्णय लिए जा सकते हैं, जिससे चुनाव से पहले जनता को संदेश देने की कोशिश होगी।