#विविध
November 21, 2025
हिमाचल : बड़े भाई ने दी शहीद संजीव को मुखाग्नि, पत्नी ने लाल जोड़ा पहन सैल्यूट कर किया विदा
बूढ़े मां-बाप का रो-रो कर बुरा हाल
शेयर करें:

कांगड़ा। वीरभूमि हिमाचल के 27 वर्षीय एयरफोर्स जवान संजीव कुमार पचंतत्व में विलीन हो गए हैं। संजीव कुमार को उनके बड़े भाई रॉकी ने मुखाग्नि दी। संजीव की अंतिम यात्रा में सैकड़ों लोग शामिल हुए। पूरा इलाका वीर जवान अमर रहे के नारों से गूंज उठा।
संजीव की असमय हुए निधन ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। जवान बेटे के निधन के बाद बूढ़े मां-बाप के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। वहीं, संजीव की पत्नी का भी रो-रो कर बुरा हाल हो रहा है।
संजीव के परिजनों ने बताया कि संजीव की शादी दो साल पहले हुई थी। वर्तमान में संजीव अमृतसर में तैनात थे। संजीव के परिवार में उनके माता-पिता, पत्नी औक बड़े भाई हैं। संजीव की पत्नी सरकारी स्कूल में अध्यापिका हैं। संजीव के बड़े भाई रॉकी भारतीय नौसेना में अपनी सेवाएं दे रहे हैं और केरल में तैनात हैं।
संजीव कांगड़ा जिला के ज्वाली विधानसभा क्षेत्र की हरनोटा ग्राम पंचायत के रहने वाले थे। गरीबी के बीच पले-बढ़े संजीव कुमार करीब 6 साल पहले भारतीय वायु सेना में भर्ती हुए थे। वर्तमान में संजी 1FBSU यूनिट, राजा सांसी (अमृतसर) में तैनात थे।
बताया जा रहा है कि बुधवार रात ड्यूटी खत्म कर वह बाइक पर अपने क्वार्टर लौट रह थे। इसी दौरान उनकी बाइक फिसली और वो हादसे का शिकार हो गए। हादसा इतना भीषण था कि जवान संजीव कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना सेना की तरफ से उनके परिवार को दी गई। इस खबर को सुनते ही परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई।
मेहनत मजदूरी करने वाले संजीव के पिता जोगिंदर सिंह इस सदमे के बाद पूरी तरह से खामोश हो गए हैं। जबकि, माता निर्मला देवी और पत्नी प्रिया कुमारी का रो रोक कर बुरा हाल है। मात्र दो साल पहले दुल्हन बनकर घर आई संजीव की पत्नी की पूरी दुनिया ही उजड़ गई है।
संजीव की पार्थिव देह गुरुवार देर शाम करीब 6 बजे वायुसेना की फूलों से सजी गाड़ी में घर पहुंची। संजीव की तिरंगे में लिपटी देख माहौल गमगीन हो उठा। पूरा इलाका परिजनों की चीख-पुकारों से दहल उठा। आज दोपहर को मोक्षधाम हरनोटा में संजीव का अंतिम संस्कार किया गया। एयरफोर्स के जवानों ने अपने साथियों को अंतिम सलामी दी।