#विविध
May 8, 2025
भारत को निशाना बनाने का जवाब- पाकिस्तान के एयर डिफेंस सिस्टम को ड्रोन ने किया तबाह
15 शहरों को बनाया था मिसाइलों का निशाना
शेयर करें:

शिमला। ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत ने गुरुवार सुबह पाकिस्तान के मिसाइल हमले का करारा जवाब दिया है। भारत के ड्रोन हमले से लाहौर स्थित पाकिस्तान का एयर डिफेंस सिस्टम पूरी तरह से तबाह हो गया है।
भारत का हमला बुधवार रात को हमारे 15 शहरों को निशाना बनाकर पाकिस्तान के मिसाइल हमले के जवाब में किया गया है। रक्षा मंत्रालय ने दोपहर 2:30 बजे इस कार्रवाई के बारे में बताया कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान के भीतर राडार और एयर डिफेंस लोकेशंस को ड्रोन हमलों से निशाना बनाया है। इससे लाहौर स्थित एयर डिफेंस सिस्टम तबाह हो गया है।
बुधवार रात पाकिस्तान ने अवंतिपोरा, श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला जालंधर, लुधियाना, आदमपुर, बठिंडा, चंडीगढ़ और भुज जैसे बड़े शहरों को मिसाइलों से निशाना बनाने की कोशिश की। लेकिन भारत के यूएएस और मिसाइल डिफेंस सिस्टम्स ने सभी हमलों को नाकाम कर दिया। आपको बता दें कि गुरुवार सुबह पाकिस्तानी मिसाइलों के कुछ टुकड़े अमृतसर में बरामद हुए थे।
भारत का यूएएस या मिसाइल डिफेंस सिस्टम मुख्यतः उन प्रणालियों का समूह है जो भारत को हवाई और मिसाइल हमलों से सुरक्षा प्रदान करने के लिए डिज़ाइन किए गए हैं। ये सिस्टम मानव रहित विमानों, ड्रोन, बैलिस्टिक मिसाइलों, क्रूज़ मिसाइलों और अन्य हवाई खतरों को ट्रैक, इंटरसेप्ट और नष्ट करने में सक्षम होते हैं।
पाकिस्तान नियंत्रण रेखा (LoC) पर फायरिंग कर रहा है। इसमें जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा, बारामूला, उरी, पुंछ, मेंढर और राजौरी सेक्टर मोर्टार और गोलीबारी की जा रही है। बॉर्डर पर बीते 36 घंटे से जारी इस गोलाबारी की चपेट में आकर सेना के एक जवान की शहादत हुई है।
इसके अलावा 14 लोगों की मौत हो चुकी है। पंजाब के फिरोजपुर में बीएसएफ ने बॉर्डर पार कर रहे एक पाकिस्तानी घुसपैठिये को मार गिराया है। इस बीच, भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने ईरान के साथ बातचीत में यह साफ कर दिया है कि भारत पाकिस्तान के साथ तनाव नहीं बढ़ाना चाहता, लेकिन अगर हम पर हमला हुआ तो हमारा जवाब कड़ा और निर्णायक होगा।