#विविध
February 2, 2025
हिमाचल में कल भी साफ रहेगा मौसम- 4 व 5 फरवरी को बारिश और स्नोफॉल की संभावना
हिमाचल में जनवरी माह में ना के बराबर बारिश
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश के कई ऊंचे पहाड़ी इलाकों में शनिवार को बर्फबारी हुई, जबकि मैदानी क्षेत्रों में हल्की बारिश देखने को मिली। वहीं, रोहतांग, पांगी, और भरमौर समेत प्रदेश की ऊंची चोटियों पर हिमपात हुआ, जबकि शिमला और मनाली जैसे प्रमुख शहरों में बूंदाबांदी हुई। इससे प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में ठंड में वृद्धि हुई और मौसम का मिजाज अचानक बदल गया।मगर आज यानी रविवार को प्रदेश भर में मौसम साफ रहा
मौसम विभाग ने कल यानी सोमवार को मौसम साफ रहने का अनुमान जताया है, लेकिन 4 और 5 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से फिर से बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। शनिवार को भरमौर और पांगी की ऊपरी चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ, वहीं निचले क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई, जिससे किसानों और बागवानों को राहत मिली। बारिश से खेतों की नमी बढ़ी है, जिससे फसलों को लाभ मिलेगा। मगर आज मौसम फिर से साफ हो गया।
कुल्लू और लाहौल की ऊंची चोटियों में शनिवार को सुबह से लेकर दोपहर तक रुक-रुक कर हल्की बर्फबारी होती रही। इसके अलावा, रोहतांग दर्रा, कुंजम दर्रा, राजा घेपन पीक और सीवी रेंज की पहाड़ियों पर भी बर्फबारी देखी गई। इन स्थानों पर बर्फबारी ने ठंड को और बढ़ा दिया है, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सर्दी का एहसास हो रहा है।
प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखा गया। ऊना में अधिकतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि शिमला में यह 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा, कुल्लू और मनाली में तापमान क्रमशः 15.2 और 10.1 डिग्री सेल्सियस था।
प्रदेश में जनवरी महीने में वर्षा का आंकड़ा बहुत कम रहा। राज्य में जनवरी 2025 में 13.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 84% कम है। इस साल जनवरी में अब तक की नौवीं सबसे कम बारिश हुई। सबसे कम वर्षा 1966 में हुई थी, जब सिर्फ 0.3 मिलीमीटर बारिश हुई थी। इस वर्ष लाहौल-स्पीति में सबसे अधिक 23.3 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि ऊना और हमीरपुर में सामान्य से 95% कम बारिश दर्ज की गई है।