#अपराध
May 21, 2026
हिमाचल : सोने का बोल कमरे में गई 16 वर्षीय लड़की, कुछ घंटों बाद मां को मिली लाडली की देह
परिजनों ने भी नहीं जताया किसी पर संदेह
शेयर करें:

सोलन। कभी-कभी बच्चों की खामोशी भी बहुत कुछ कह जाती है, लेकिन हम उसे समझ नहीं पाते और बच्चे खौफनाक कदम तक उठा लेते हैं। ऐसा ही एक मामला प्रदेश के सोलन जिले से सामने आया है। यहाँ एक 16 वर्षीय किशोरी ने मां से सिर्फ इतना कहा कि वह सोने जा रही है, मगर कुछ देर बाद उसी कमरे में मातम पसर गया। यह घटना समाज के लिए चेतावनी भी है कि बच्चों की मानसिक स्थिति, उनकी चुप्पी और बदलते व्यवहार को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है।
जानकारी के अनुसार, प्रदेश के औद्योगिक जिला सोलन के बद्दी क्षेत्र में एक 16 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना किशनपुरा क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि बीते मंगलवार दोपहर किशोरी ने अपनी मां से कहा कि वह आराम करने जा रही है और इसके बाद वह कमरे में चली गई।
काफी समय तक बाहर न आने पर मां उसे देखने पहुंची, लेकिन कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। जब खिड़की से भीतर देखा गया तो किशोरी फंदे से लटकी मिली। यह दृश्य देखकर परिवार सदमे में आ गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रारंभिक जांच में मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। वहीं परिजनों ने भी किसी पर संदेह नहीं जताया है।
मृतक लड़की की पहचान बिहार निवासी के रूप में हुई है, जो अपने माता-पिता के साथ यहाँ किराए के मकान में रहती थी। पुलिस अब मामले के हर पहलू की जांच कर रही है ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके। एएसपी अशोक वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।