#हादसा
July 22, 2026
हिमाचल में दर्दनाक हाद.सा : ट्रक और कार की आपस में टक्कर, एक ने तोड़ा दम; 3 गंभीर
कार में चार लोग सवार थे, मौके पर मची चीख-पुकार
शेयर करें:

रिकांगपिओ। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे-5 पर करछम डैम के समीप एक ऑल्टो कार और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में कार सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह हादसा पुलिस थाना टापरी क्षेत्र के अंतर्गत हुआ। पुलिस के अनुसार, कार में चार लोग सवार थे। टक्कर में 34 वर्षीय नीजू राम पुत्र केन राम निवासी गांव गौरा, तहसील रामपुर (जिला शिमला) की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में अशोक कुमार (45) निवासी गांव कोठी, तहसील कल्पा (जिला किन्नौर), यशपाल नेगी (50) निवासी ब्रेलिंगी, तहसील कल्पा (जिला किन्नौर) और साहिल निवासी सराहन, तहसील रामपुर (जिला शिमला) गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही टापरी पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए संजीवनी अस्पताल शोल्टू पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई। लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में सुरक्षित वाहन चलाने की जरूरत को उजागर कर दिया है।