#विविध

October 2, 2025

हिमाचल में फिर भारी बारिश का अलर्ट : आंधी-तूफान के साथ बरसेगी आफत, रहें सतर्क

ओलावृष्टि, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना

शेयर करें:

Himachal Rain Yellow Alert

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून विदाई के बाद अब एक बार फिर से मौसम के तेवर बदलने वाले हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने ताजा पूर्वानुमान में साफ किया है कि 4 अक्टूबर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा और इसका असर प्रदेश में 5 अक्टूबर से देखने को मिलेगा।

शुरू होगा बारिश का सिलसिला

इस दौरान कई जिलों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का खतरा बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में लगातार तीन दिन बारिश होती रहेगी- जिससे लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

यह भी पढ़ें : त्योहारी सीजन में सुक्खू सरकार ने बढ़ाए दालों के दाम, सरसों का तेल भी हुआ महंगा

जारी हुआ यलो अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 5 अक्टूबर से प्रदेश में फिर से बारिश का सिलसिला शुरू होगा। शुरुआती दिनों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, लेकिन 6 और 7 अक्टूबर को मौसम का मिजाज और कड़ा होगा। इन दो दिनों के लिए मौसम विज्ञान केंद्र ने यलो अलर्ट जारी किया है।

किन जिलों में ज्यादा खतरा?

5 अक्टूबर को मौसम विभाग ने जिन जिलों को अलर्ट में रखा है- उनमें ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर शामिल हैं। यहां ओलावृष्टि, बिजली गिरने और तेज रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार पर बरसे सांसद अनुराग, बोले- टैक्स लगाकर लूटा जा रहा जनता का पैसा

आंधी-तूफान का खतरा

जबकि, 6 अक्टूबर और 7 अक्टूबर को भी कई जिलों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का खतरा बना रहेगा। विभाग का कहना है कि लगातार तीन दिन तक बारिश का क्रम जारी रह सकता है।

ठंड बढ़ेगी, तापमान गिरेगा

वहीं, बारिश के बाद पहाड़ी इलाकों में तापमान में गिरावट आना तय है। मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में कई क्षेत्रों में ठंड का प्रकोप बढ़ सकता है। खासकर सुबह-शाम का तापमान तेजी से नीचे जा सकता है।

यह भी पढ़ें : डिप्टी CM को मिली बहुत बड़ी जिम्मेदारी : हिमाचल में चलाएंगे 'वोट चोर, गद्दी छोड़' अभियान

पर्यटन स्थलों पर सुहावना मौसम

इस बीच, शिमला, मनाली, कुफरी, कसौली और डलहौजी जैसे पर्यटन स्थलों पर फिलहाल मौसम खुला और सुहावना बना हुआ है। आसमान साफ होने और धूप खिलने से यहां पर्यटकों की संख्या में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो रही है। होटल और गेस्ट हाउसों में बुकिंग भी बढ़ रही है। हालांकि, मौसम विभाग के अलर्ट के बाद पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

सावधानी बरतें लोग

मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और जिला प्रशासन को भी सतर्क किया गया है। निचले इलाकों में अचानक पानी बढ़ने और ऊपरी इलाकों में भूस्खलन की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम अपडेट पर नजर रखने की हिदायत दी गई है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख