#विविध
March 5, 2025
मंडी अंतर्राष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव का समापन, देवताओं के दीदार के लिए उमड़ा सैलाब
चौहाटा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश की छोटी काशी मंडी में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव का समापन धूमधाम से हुआ। इस अवसर पर देवी-देवताओं के विदाई समारोह से पहले, मंडी के उपायुक्त अपूर्व देवगन ने सभी देवी-देवताओं की पूजा अर्चना की और उन्हें सामान स्वरूप चादरें भेंट की। समापन समारोह में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला भी मौजूद रहे।
चौहाटा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
जातर की शुरुआत सुबह 8 बजे से होती है और दिन के समय महोत्सव का समापन होने से पहले अधिकांश देवी-देवता अपने मूल स्थानों की ओर प्रस्थान कर जाते हैं। बताते चलें कि महोत्सव के अंतिम दिन, चौहटा की जातर में देवी-देवताओं के दर्शनों के लिए भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस दिन सैकड़ों देवरथों को एक स्थान पर रखा गया, जहां हजारों भक्त देवी-देवताओं के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए जुटे।
बताते चलें कि यह परंपरा रियासत काल से चली आ रही है। मान्यता है कि सदियों पहले तत्कालीन राजा ने शिवरात्रि के दिन चौहट्टा बाजार के पास बाबा भूतनाथ मंदिर की स्थापना की थी और उसी दिन से इस मेले का आयोजन शुरू हुआ, जो आज भी निरंतर जारी है और इस बार भी इस रस्म को निभाया गया है।
राज्यपाल का स्वागत
समापन समारोह के दौरान राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला कंगनी धार हेलीपैड पहुंचे, जहां उनका स्वागत नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर और अन्य विधायकों ने किया। इस मौके पर राज्यपाल के सचिव सीपी वर्मा, मंडी के उपायुक्त अपूर्व देवगन, पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा और मंडी नगर निगम के पार्षद भी मौजूद थे।
महाशिवरात्रि महोत्सव के समापन ने मंडी जिले में एक बार फिर धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर को जीवित किया, और स्थानीय श्रद्धालुओं को अपनी पारंपरिक आस्था और विश्वास को व्यक्त करने का एक अद्भुत अवसर प्रदान किया।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने मंडी के सर्किट हाउस में नशे के दुरुपयोग पर आधारित लघु फिल्म ‘चिट्टा’ जारी की। यह फिल्म मुख्यतः चिट्टे सहित नशे के बढ़ते प्रचलन व इससे जुड़ी समस्याओं के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से बनाई गई है। दीपक मट्टू द्वारा निर्देशित यह लघु फिल्म संगीत और प्रभावी कहानी के माध्यम से नशे के प्रति जागरूकता और इसके दुरूपयोग से जुड़े खतरों को दर्शाती है।