#रोजगार
March 5, 2025
हिमाचल : 2033 वन मित्रों को अप्रैल में नियुक्ति पत्र देगी सरकार, मई में होगा ओरिएंटेशन
वर्दी और बाकी जरूरतों के लिए मिलेंगे 6000 रुपए
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल प्रदेश के 2033 वन मित्रों को अप्रैल तक नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। राज्य में वन मित्रों के 2061 पदों के लिए वनमित्रों की परीक्षा नवंबर 2023 में हुई थी। उसके बाद से ही इन युवाओं को नियुक्ति का इंतजार था। हाईकोर्ट के आदेश पर शैक्षणिक योग्यता के आधार पर वनमित्रों की मेरिट लिस्ट तैयार की गई है।
CM सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वन विभाग की विभिन्न योजनाओं-परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान वन मित्रों को जल्द नियुक्ति पत्र देने के निर्देश दिए हैं। चयनित वन मित्रों में 55 फीसदी महिलाएं हैं।
CM सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वन विभाग के अधिकारियों से वन मित्रों के लिए मई में ओरिएंटेशन कार्यक्रम कराने को कहा है। इस ओरिएंटेशन में वन मित्रों को उनकी भूमिका और जिम्मेदारियां बताई जाएंगी। ओरिएंटेशन मई माह के पहले सप्ताह में होने की संभावना है। प्रदेश सरकार वन मित्रों को वर्दी और अन्य संबंधित सामग्री के लिए 6 हजार रुपये भी प्रदान करेगी।
हिमाचल में 2061 पदों के लिए 60 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। नवंबर 2023 में भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई थी। भर्ती के दौरान इंटरव्यू के 10 अंक को लेकर मामला हाईकोर्ट पहुंच गया था। हाईकोर्ट के आदेश पर राज्य सरकार ने इंटरव्यू के नियम को भर्ती प्रक्रिया से हटा दिया था। वन मित्रों की भर्ती को शैक्षणिक योग्यता में हासिल अंकों के आधार पर मैरिट तैयार की गई है।
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, अब सभी जिलों में भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही एक साथ नियुक्ति पत्र जारी किए जाएंगे। संभावना है कि अप्रैल 2025 में नियुक्ति पत्र वन मित्रों को दिए जाएंगे। वन मित्रों को 10 हजार रुपये का फिक्स वेतन दिया जाएगा। यह भर्तियां पूर्व में वन रक्षकों की तर्ज पर होंगी। हालांकि वन मित्र की भूमिका वनरक्षक से अलग होगी। प्रदेश में 2061 वन बीट हैं। प्रत्येक वन बीट में एक वन मित्र की नियुक्ति होगी।