#विविध
January 14, 2026
हिमाचल : पूर्व मंत्री राजीव सैजल के पिता का निधन, क्षेत्र में दुख की लहर- दोपहर बाद होगा अंतिम संस्कार
पूर्व मंत्री राजीव सैजल के पिता सतगुर दास जी नहीं रहे
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजनीति और सामाजिक जीवन से जुड़ा एक शांत चेहरा आज हमेशा के लिए विदा हो गया। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल के पिता जी सतगुर दास जी का आज शिमला में हृदयाघात के कारण दुखद निधन हो गया। वे 85 वर्ष के थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही न केवल परिवार, बल्कि शुभचिंतकों और राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों के अनुसार सतगुर दास जी का निधन शिमला में हृदय गति रूकने के कारण हुआ। वे एक सरल, सौम्य और सामाजिक व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे। उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। क्षेत्र में हर वर्ग के लोग इस खबर से गहरे आहत हैं।
इस दुखद अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, BJP प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल, शांता कुमार, सांसद सुरेश कश्यप, डॉ. राजीव भारद्वाज, डॉ. सिकंदर कुमार, इंदु गोस्वामी, हर्ष महाजन, कंगना रनौत और संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
BJP नेतृत्व की ओर से जारी शोक संदेशों में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की गईं। नेताओं ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वह इस अपार दुख को सहने की शक्ति परिवारजनों को प्रदान करें।
दिवंगत सतगुर दास जी की अंतिम शव यात्रा आज दोपहर 12 बजे उनके निवास स्थान जीरो प्वाइंट (लोहांजी), कुमारहट्टी से मोक्षधाम सेरी (गांधीग्राम के समीप) के लिए रवाना होगी। उनका अंतिम संस्कार दोपहर 12:30 बजे किया जाएगा।