#विविध

July 28, 2025

हिमाचल :कांग्रेस नेता ने बाढ़ में बहे सोने को ढूंढने में लगा दी सरकारी मशीन, जनता बोली- अन्याय न करो

कांग्रेस नेता की ‘वोट’ वाली टिप्पणी ने भड़काया माहौल, सोशल मीडिया पर मचा बवाल

शेयर करें:

rushaad gaon

मंडी। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी स्थित सराज विधानसभा क्षेत्र के रूषाड़ गांव के लोग 30 जून की रात आई आपदा के बाद से अब तक सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। गांव की एकमात्र संपर्क सड़क मलबे में समा गई थी, जिससे करीब 270 लोग गांव में फंसे हुए हैं।

कांग्रेस नेता के रिश्तेदारों का सोना खोजने में लगा दी मशीनें

लंबे इंतजार के बाद जब सड़क बहाली के लिए एक पोकलेन मशीन पहुंची तो ग्रामीणों को उम्मीद की किरण दिखी। लेकिन रविवार को उस उम्मीद पर तब पानी फिर गया, जब यह मशीन कथित तौर पर कांग्रेस नेता के रिश्तेदार के निजी कार्य में लगा दी गई। आरोप है कि मशीन से खड्ड में बहा कीमती सामान तलाशा गया और बहाव मोड़ने की कोशिश की गई।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में सेब बागानों पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई आज : फैसले पर टिकी बागवान भाइयों की निगाहें

महिलाओं ने खोला मोर्चा

इस खबर के फैलते ही गांव की करीब 100 महिलाएं पांडवशिला पहुंच गईं और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। उनका गुस्सा सिर्फ मशीन हटाने तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने नेताओं और प्रशासन पर उपेक्षा और पक्षपात के गंभीर आरोप लगाए। एक महिला ने मौके पर पहुंचे कांग्रेस नेता से कहा, हमने भी कांग्रेस को वोट दिया है, हमारी भी सुनो।

कांग्रेस नेता बोले- वोट आपकी जेब से नहीं निकाला था

मौके पर पहुंचे नेता जगदीश रेड्डी का कथित जवाब भी चर्चा में आ गया है। उन्होंने वहां मौजूद जनता को कहा कि वोट आपकी जेब से नहीं निकाला था। जैसे ही ये बयान सामने आया , मामला गरमा गया। यह टिप्पणी अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी है और कांग्रेस पार्टी को तीखी आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। लोग पूछ रहे हैं कि क्या जनता की मदद अब वोट की कीमत से तय होगी?

यह भी पढ़ें : हिमाचल : नहर में डूबे पति के जिंदा मिलने की आस में पत्नी, 36 घंटों से लापता है आशीष

प्रशासन को बीच में आना पड़ा

घटना के बाद एसडीएम थुनाग रमेश कुमार और जंजैहली पुलिस मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता बंटी ने कहा कि पोकलेन थोड़े समय के लिए दूसरी जगह गई थी, जिससे गलतफहमी पैदा हुई।

गांव में अब भी संकट बरकरार

रूषाड़ गांव के दो लोग अब भी आपदा में लापता हैं और एक का शव बरामद हो चुका है। प्रशासन ने मशीन को वापस सड़क बहाली के कार्य में लगाया है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि प्राकृतिक आपदा से तो लड़ लेंगे, मगर नेताओं की राजनीति और संवेदनहीनता ने उनका भरोसा तोड़ दिया है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।

Related Tags:
ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख