#विविध

May 31, 2026

हिमाचल नगर निगमों में कमल का कमाल : 4 में से 3 पर BJP ने जमाया कब्जा, कांग्रेस के हिस्से में सिर्फ एक

धर्मशाला में भी भाजपा का दबदबा, मंडी में कांग्रेस को करारी शिकस्त

शेयर करें:

himachal news municipal election solan bjp won political news jairam thakur cm sukhu

सोलन। हिमाचल प्रदेश के नगर निगम चुनावों के नतीजों ने राज्य की राजनीति को स्पष्ट संदेश दे दिया है। मंडी, धर्मशाला और सोलन नगर निगमों में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सत्ता पर कब्जा जमाया है। जबकि पालमपुर में कांग्रेस आगे बढ़ रही है। 

सोलन में भाजपा को स्पष्ट बहुमत

सोलन नगर निगम की 17 सीटों में से भाजपा ने 10 सीटों पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। कांग्रेस को 6 सीटों पर संतोष करना पड़ा, जबकि एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गई। सोलन के नतीजों ने भाजपा की मजबूत चुनावी पकड़ को फिर साबित किया है। वहीं, पालमपुर में कांग्रेस के 11 और BJP का एक पार्षद जीता है।

पालमपुर में कांग्रेस की बड़ी जीत

पालमपुर नगर निगम चुनाव के नतीजों में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्पष्ट बढ़त बना ली है। शुरुआती और घोषित परिणामों में कांग्रेस ने अधिकांश वार्डों पर कब्जा जमाकर नगर निगम में अपना दबदबा साबित किया है। वहीं भाजपा अब तक केवल दो वार्डों में जीत दर्ज कर पाई है।

पहले चार वार्डों में कांग्रेस का क्लीन स्वीप

नगर निगम पालमपुर के वार्ड नंबर-1 से कांग्रेस प्रत्याशी इंद्र पाल ने जीत दर्ज कर पार्टी का खाता खोला। इसके बाद वार्ड नंबर-2 से कांग्रेस की राधा सूद विजयी रहीं। वार्ड नंबर-3 से कांग्रेस उम्मीदवार रणजीत कौर ने जीत हासिल की, जबकि वार्ड नंबर-4 से कांग्रेस की शैलजा चौहान ने भी जीत दर्ज कर भाजपा को बड़ा झटका दिया।

भाजपा को दो वार्डों में मिली सफलता

भाजपा को पालमपुर नगर निगम में अब तक दो वार्डों में जीत मिली है। वार्ड नंबर-9 से भाजपा की मीनू देवी विजयी रहीं। वहीं वार्ड नंबर-15 से भाजपा प्रत्याशी प्रवीण कुमार ने 985 मत हासिल कर जीत दर्ज की।


यह भी पढ़ें- हिमाचल : समारोह में जा रहे परिवार पर टूट पड़े रंगड़, बुरी तरह किया घायल; मां-बेटे समेत तीन गंभीर

धर्मशाला में भी भाजपा का दबदबा

धर्मशाला नगर निगम में भी भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया। यहां 17 में से 11 सीटों पर जीत हासिल कर पार्टी ने नगर निगम पर कब्जा बरकरार रखा। कांग्रेस पांच सीटों पर सिमट गई, जबकि एक सीट अन्य उम्मीदवार के खाते में गई। चुनाव परिणामों के बाद भाजपा नेताओं ने इसे विकास और सुशासन की राजनीति की जीत बताया।

मंडी में कांग्रेस को करारी शिकस्त

मंडी नगर निगम के नतीजे भाजपा के लिए सबसे बड़ी सफलता बनकर सामने आए। 14 वार्डों में से भाजपा ने 12 सीटों पर जीत दर्ज की। कांग्रेस केवल एक सीट जीत पाई, जबकि एक सीट कांग्रेस की बागी उम्मीदवार अलकनंदा हांडा ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जीती। मंडी में भाजपा की इस बड़ी जीत को कांग्रेस के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें- पालमपुर नगर निगम में कांग्रेस की हैट्रिक : लगातार 3 वार्डों में जीत दर्ज, शुरुआती नतीजों में BJP पिछड़ी

निकाय चुनावों में भाजपा का मजबूत प्रदर्शन

4 में से 3 नगर निगमों के नतीजों ने यह संकेत दिया है कि भाजपा ने शहरी क्षेत्रों में अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी है। मंडी, धर्मशाला और सोलन में मिली जीत के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। वहीं कांग्रेस के लिए यह परिणाम संगठन और रणनीति को लेकर आत्ममंथन का विषय बन गए हैं।

नतीजों का राजनीति पर असर

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन नतीजों का असर आने वाले समय की प्रदेश राजनीति पर भी देखने को मिल सकता है। फिलहाल भाजपा इन परिणामों को जनता के विश्वास और अपने विकास एजेंडे की जीत के रूप में पेश कर रही है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख