#विविध
June 23, 2025
हिमाचल में आज पूरी तरह दस्तक देगा मानसून, भारी बारिश के आसार- 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
आज से शुरू होगा तेज़ बरसात का सिलसिला, नदियों-नालों से दूर रहने की अपील
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून ने धीरे-धीरे असर दिखाना शुरू कर दिया है और अब अगले पांच दिन प्रदेश के लिए भारी बारिश लेकर आ सकते हैं। बता दें कि हिमाचल में मानसून पूरी तरह से प्रवेश कर चुका है, ऐसे में बारिश के तेज होने की भी संभावना जताई जा रही है।
मौसम विभाग ने आज यानी 23 जून को ऊना, कांगड़ा और सिरमौर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज़ बारिश के साथ नदियों-नालों के उफान पर आने और भूस्खलन की आशंका जताई गई है। वहीं, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, मंडी और सोलन जिलों में यलो अलर्ट दिया गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल को गरीब बता किया अपमानित- यूट्यूबर पुनीत सुपरस्टार ने पारंपरिक पोशाक का भी उड़ाया मजाक
कल यानी 24 जून को चंबा, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर जिलों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। वहीं ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, मंडी और शिमला में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भी बादल जमकर बरस सकते हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: मां-बाप से बोला जवान बेटा, "मैंने स*ल्फास खा लिया" अस्पताल पहुंचाया-पर नहीं बच पाया
मौसम विभाग के अनुसार 25 जून को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस ज्यादा सक्रिय रहेगा और इसका असर सीधे हिमाचल पर देखने को मिलेगा। इस दिन ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन, शिमला और सिरमौर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ी क्षेत्रों में लैंडस्लाइड और फ्लैश फ्लड की संभावना बनी हुई है।
26 जून को भी बारिश का दौर थमेगा नहीं। इस दिन चंबा, मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों में भारी बारिश का अलर्ट रहेगा। मौसम विभाग ने विशेषकर ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों के लोगों को नदी-नालों के किनारे न जाने और पहाड़ी ढलानों से दूर रहने की चेतावनी दी है। लगातार बारिश के कारण भूस्खलन और सड़कें बंद होने का खतरा बढ़ सकता है।
हिमाचल में 20 जून को मानसून ने प्रवेश किया था, लेकिन अब जाकर वह पूरे प्रदेश में फैलने के करीब है। आज शाम तक मानसून पूरा हिमाचल कवर कर सकता है। हालांकि अभी इसकी गति थोड़ी धीमी है, इसलिए कई जगहों पर बारिश बिखरी-बिखरी नजर आ रही है।
मानसून की दस्तक और लगातार हो रही बारिश के चलते प्रदेश का तापमान सामान्य से नीचे चला गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: ट्रैफिक ने बर्बाद की सालों की मेहनत, भर्ती परीक्षा में 5 मिनट की देरी पर नहीं मिली एंट्री
प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि इस अवधि में अनावश्यक यात्रा से बचें, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न जाएं और मौसम अपडेट्स पर नज़र बनाए रखें। विशेषकर गांवों, निचले इलाकों और पर्यटक स्थलों पर सतर्कता बरतने की जरूरत है।