#विविध

July 25, 2026

हिमाचल: जाको राखे साइयां... पत्थर हटाने उतरा शख्स, पलक झपकते चट्टान के नीचे दफन हो गईं 13 जिंदगियां

जिंदा बचे शख्स ने सुनाया आंखों देखा मंजर, बोला इसे कभी नहीं भूल पाउंगा

शेयर करें:

vikar singh pangi

पांगी (चंबा)। जाको राखे साइयां, मार सके न कोय..." — यह कहावत लाहौल-स्पीति के उदयपुर-किलाड़ मार्ग पर हुए उस दिल दहला देने वाले हादसे में पाई-पाई सच साबित हुई, जिसने पूरे हिमाचल प्रदेश को शोक के सागर में डुबो दिया। यहाँ एक गाड़ी पर अचानक पहाड़ से बरसीं विशालकाय चट्टानों ने पलक झपकते ही 13 जिंदगियों को मौत की आगोश में सुला दिया। लेकिन इस खौफनाक मंजर के बीच एक ऐसा चमत्कारिक वाक्य सामने आया, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। गाड़ी में सवार 40 वर्षीय विकर सिंह कुदरत के इस कहर के बीच से सही-सलामत बच निकले। अब इस हादसे के इकलोटे प्रत्यक्षदर्शी विकर सिंह ने आँखों देखे दर्दनाक मंजर की जो दास्तां सुनाई है, उसे सुनकर किसी का भी दिल दहल उठेगा।

पत्थर हटाने उतरा और पीछे मिट गया सब कुछ

40 वर्षीय विकर सिंह, जो चंबा के पांगी क्षेत्र में कपड़ों की छोटी दुकान चलाते हैं, हादसे के इकलौते जीवित गवाह हैं। उन्होंने बताया कि वह कुल्लू से दुकान और घर का सामान लेकर वापस पांगी लौट रहे थे। हादसे की खौफनाक यादों को साझा करते हुए उनकी आवाज अब भी कांप उठती है। 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में दरका पहाड़, नीचे काम कर रहे थे 25 कर्मचारी; मलबे-पत्थरों की चपेट में आए 3 कर्मी

 

विकर सिंह बताते हैं, "मैं गाड़ी में बैठा था। आगे थोड़ा जाम जैसा था, तो मैं गाड़ी से नीचे उतरा कि देखूं क्या चल रहा है। जैसे ही हमारी तरफ की गाड़ियां आगे बढ़ने लगीं, मैं सड़क पर पड़ा एक पत्थर हटाने के लिए आगे झुका। गाड़ी में बाकी सभी 13 लोग बैठ चुके थे। तभी अचानक एक जोरदार धमाके जैसी आवाज आई। पीछे मुड़कर देखा तो पहाड़ का एक हिस्सा सीधा हमारी गाड़ी पर आ गिरा था। वह दृश्य... मैं जिंदगी भर नहीं भूल पाऊंगा।"

पलक झपकते चट्टानों के नीचे दफन हुई 13 जिंदगियां

पलक झपकते ही पूरी गाड़ी मलबे में दब गई। अंदर बैठे लोगों को संभलने, बाहर निकलने या अपनी जान बचाने का एक पल भी नहीं मिला। मौत मानो आसमान से बरसकर सीधे उन पर टूट पड़ी। विकर सिंह ने बताया कि धमाके की आवाज सुनते ही उन्होंने पीछे मुड़कर देखा। सामने का दृश्य इतना भयावह था कि उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने कहा कि वह उस दृश्य को जिंदगी भर नहीं भूल पाएंगे। गाड़ी पूरी तरह चट्टानों के नीचे दब चुकी थी। चारों ओर चीख-पुकार, धूल और मलबा ही नजर आ रहा था। वह खुद सदमे में थे और किसी तरह वहां से भागकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचे।

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार ने भांग इंडस्ट्री के लिए जारी किए नियम, कैसे मिलेगा लाइसेंस ; कितनी लगेगी फीस- जानें

आंखों के आगे तैर रहा था परिवार का चेहरा

मौत को इतने करीब से देखकर लौटे विकर सिंह कहते हैं कि हादसे के बाद वह किसी तरह जान बचाकर अपने घर की ओर भागे। "मेरे कदम उठ नहीं पा रहे थे, गला सूख रहा था। दिमाग में बस मेरी 11 और 9 साल की बेटियों-सविता और अंजलि का चेहरा घूम रहा था। घर पहुंचा तो मां और पत्नी मुझे देखकर रो पड़ीं। मैं पांगी के पहाड़ों में ही बड़ा हुआ हूं, यहां पहाड़ गिरते खूब देखे हैं, लेकिन पहाड़ मुझ पर ही गिरने लगेगा और रास्ते का वही पत्थर मेरी ढाल बन जाएगा, यह कभी नहीं सोचा था। मैं समझ नहीं पा रहा हूं कि ईश्वर ने मुझे परिवार के लिए बचाया है या इस डर के साथ जीने के लिए।

यह भी पढ़ें : बैक हो रही HRTC बस ने कुचली महिला, मौके पर मौजूद लोगों ने बताया ऐसा सच! जानें

तिंदी में बिताई थी रात, सुबह मौत बनकर बरसा पहाड़

यह दर्दनाक हादसा शुक्रवार दोपहर उदयपुर से करीब 32 किलोमीटर दूर कडू नाले के पास पेश आया। गाड़ी में सवार सभी यात्री कुल्लू-मनाली से अपने घर पांगी घाटी लौट रहे थे। गुरुवार को जब यह लोग निकले, तो उदयपुर पहुंचने पर पता चला कि कडू नाला के पास रास्ता बंद है। इसके बाद सभी यात्रियों ने तिंदी में ही रात बिताई।

यह भी पढ़ें : सावधान हिमाचल! 7 जिलों में आज होगी भारी बारिश, यलो अलर्ट जारी

शुक्रवार सुबह जैसे ही बीआरओ (BRO) द्वारा सड़क बहाली की सूचना मिली, ये लोग पांगी की ओर बढ़े। लेकिन कुछ ही किलोमीटर का सफर तय करने के बाद कडू नाला के पास पहाड़ से अचानक चट्टानें आ गिरीं और गाड़ी में सवार मासूम बच्चे समेत 13 लोगों को संभलने का एक सेकंड का मौका भी नहीं मिला।

पूरे प्रदेश में मातम का माहौल

घटना की सूचना मिलते ही उदयपुर से पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया, लेकिन गाड़ी के अंदर का मंजर इतना खौफनाक था कि बचाव दल के कर्मचारियों की आंखें भी नम हो गईं। क्षत-विक्षत हो चुके वाहन से सभी 13 शवों को बाहर निकाला गया। इस दुखद हादसे के बाद पूरे पांगी और लाहौल-स्पीति क्षेत्र समेत पूरे राज्य में सन्नाटा पसरा हुआ है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख