#विविध
August 22, 2025
गजब ! हिमाचल: कुत्ते को अस्पताल में बंद कर घर चला गया स्टॉफ, रात भर जमकर मचाया उत्पात
सीएम सुक्खू के गृह जिला से सामने आया स्वास्थ्य विभाग का कारनामा
शेयर करें:

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के गृह जिला से एक बड़ी खबर सामने आई है। या यूं कहें कि सरकारी विभाग के स्टॉफ की लापरवाही उजागर हुई है। जिसे सभी को सोचने पर मजबूर कर दिया है। यहां अस्पताल का स्टॉफ शाम को एक कुत्ते को अस्पताल के अंदर ही बंद कर बाहर से ताला लगाकर घर चला गया।
यह मामला हमीरपुर जिले के बिझड़ी स्थित आयुर्वेदिक अस्पताल का बताया जा रहा है। जिसने अस्पताल प्रशासन की कार्यशैली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि अस्पताल का स्टाफ गुरुवार शाम को भवन को बंद कर घर चला गया, लेकिन भीतर एक आवारा कुत्ता बंद रह गया। रातभर अस्पताल के अंदर बंद उस कुत्ते ने भारी उत्पात मचाया, जिसकी जानकारी शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों को मिली।
स्थानीय निवासियों ने जब शुक्रवार सुबह अस्पताल के पास से गुज़रते हुए खिड़की से झांका तो देखा कि एक आवारा कुत्ता अस्पताल के भीतर मौजूद है और दवाइयों को चबा रहा है। इसके साथ ही कुत्ते ने आयुर्वेदिक दवाओं से बनी पुड़ियों तथा अन्य खाद्य सामग्री को भी नुकसान पहुंचाया। स्थानीय लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम के वीडियो और तस्वीरें भी खींचीं, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल कांग्रेस की 'वोट चोर, कुर्सी छोड़' रैली में बवाल, CM सुक्खू-विक्रमादित्य के समर्थक भिड़े
स्थानीय निवासी अमरचंद ने बताया कि उन्होंने स्वयं अस्पताल की खिड़की से कुत्ते को भीतर देखा, जो दवाइयों और खाने.पीने की चीज़ों को चबा रहा था। उनका कहना है कि यह घटना अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलती है। यदि स्टाफ ने पूरी इमारत की ठीक से जांच की होतीए तो शायद यह घटना रोकी जा सकती थी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: फर्जी दस्तावेज लेकर MBBS काउंसलिंग में पहुंची युवती, ऐसे हुआ खुलासा
टैक्सी चालक सुरेंद्र कुमार ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब अस्पताल प्रशासन की लापरवाही सामने आई हो। उन्होंने बताया कि अक्सर अस्पताल में लाइटें रातभर जलती रहती हैं या पंखे बिना ज़रूरत के चलते रहते हैं। उनका कहना है कि अस्पताल भवन के निर्माण से लोगों को उम्मीद थी कि क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी, लेकिन स्टाफ की गैर.जिम्मेदारी और अव्यवस्था के कारण ये उम्मीदें निराशा में बदल रही हैं।
इस संबंध में जब आयुर्वेदिक अस्पताल के प्रभारी डॉ बृजमोहन शर्मा से बात की गई, तो उन्होंने इस बात को स्वीकार किया कि यह घटना स्टाफ की लापरवाही के कारण हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि संबंधित कर्मचारियों से इस मामले में जवाब.तलबी की जाएगी और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।