#विविध
July 12, 2026
हिमाचल को है 20 जुलाई का इंतजार, सीएम सुक्खू ले सकते हैं बड़े फैसले; जानें डिटेल
सीएम सुक्खू ने 20 जुलाई को बुलाई कैबिनेट बैठक, ले सकते हैं बड़े फैसले
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार 20 जुलाई को कई बड़े फैसले लेने जा रही है। जिनका असर प्रदेश के लाखों लोगों पर पड़ने की संभावना है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में सुबह 11 बजे आयोजित होने वाली कैबिनेट बैठक को मौजूदा समय की सबसे महत्वपूर्ण बैठकों में माना जा रहा है। सरकार के विभिन्न विभागों से जुड़े कई प्रस्ताव इस बैठक के एजेंडे में शामिल किए जाने की तैयारी है। माना जा रहा है कि रोजगार] शिक्षा] उद्योग] आपदा राहत और प्रशासनिक मामलों से जुड़े फैसलों के जरिए आम जनता, बेरोजगार युवाओं, कर्मचारियों और उद्योग जगत को राहत देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार विभिन्न सरकारी विभागों में लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरने के प्रस्ताव कैबिनेट के समक्ष रखे जा सकते हैं। प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हजारों युवाओं की निगाहें इस बैठक पर टिकी हुई हैं। सरकार रोजगार के अवसर बढ़ाने और विभागों में कर्मचारियों की कमी दूर करने के उद्देश्य से कई पदों को भरने पर विचार कर सकती है। यदि इस दिशा में मंजूरी मिलती है तो बेरोजगार युवाओं के लिए यह बड़ी राहत साबित होगी।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार ने बेरोजगार युवाओं को दी राहत, सैंकड़ों पदों पर निकाली भर्ती; HPRCA ने मांगे आवेदन
प्रदेश के सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती को लेकर लंबे समय से चल रही अनिश्चितता भी समाप्त हो सकती है। सरकार को इस मामले में गठित कैबिनेट सब कमेटी की रिपोर्ट मिल चुकी है और अब अंतिम निर्णय मंत्रिमंडल स्तर पर लिया जाना है।
बताया जा रहा है कि शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए मेरिट आधारित चयन व्यवस्था पर विचार किया जाएगा। लंबे समय से रिक्त पदों के कारण स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित हुई है और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने अन्य संस्थानों का रुख किया है। ऐसे में सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और विद्यार्थियों का भरोसा बनाए रखने के लिए जल्द फैसला लेने के पक्ष में दिखाई दे रही है।
सोलन जिले के नालागढ़ में प्रस्तावित मेडिकल डिवाइस पार्क को लेकर भी सरकार निर्णायक कदम उठा सकती है। उद्योग विभाग इस महत्वाकांक्षी परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए वित्तीय मॉडल पर लगातार मंथन कर रहा है और अब पूरा मामला कैबिनेट के समक्ष रखा जाएगा।
यह भी पढ़ें : बड़ा हा.दसा : हिमाचल में जम्मू-देहरादून लग्जरी बस पलटी, बच्चों-महिलाओं समेत 57 थे सवार
प्रदेश सरकार इस परियोजना को किसी भी स्थिति में ठंडे बस्ते में नहीं जाने देना चाहती। इसके लिए वित्तीय संसाधन जुटाने, निजी भागीदारी, ऋण व्यवस्था या अन्य विकल्पों पर विचार किया गया है। माना जा रहा है कि कैबिनेट इस परियोजना के लिए स्पष्ट रोडमैप तैयार कर सकती है, जिससे निवेश का रास्ता आसान होगा और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।
मेडिकल डिवाइस पार्क परियोजना को हिमाचल के औद्योगिक विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस परियोजना में बड़े निवेशकों की रुचि बनी हुई है और उद्योग जगत की कई प्रतिष्ठित कंपनियां यहां निवेश की इच्छुक बताई जा रही हैं। सरकार को उम्मीद है कि परियोजना के धरातल पर उतरने से प्रदेश में हजारों करोड़ रुपये का निवेश आएगा और बड़ी संख्या में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
विशेष रूप से बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ औद्योगिक क्षेत्र को इससे नया विस्तार मिलने की संभावना जताई जा रही है। उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना हिमाचल को मेडिकल उपकरण निर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
प्रदेश में जारी मानसून के बीच आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों को लेकर भी मंत्रिमंडल चर्चा कर सकता है। हाल के दिनों में कई जिलों में भारी बारिश, भूस्खलन और सड़क बाधित होने जैसी घटनाओं के बाद सरकार राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा कर रही है। प्रभावित क्षेत्रों के लिए अतिरिक्त सहायता और राहत उपायों पर भी विचार किया जा सकता है।
कैबिनेट बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े प्रशासनिक और जनहित के प्रस्ताव भी लाए जाने की संभावना है। कर्मचारियों से जुड़े लंबित मामलों, विभागीय जरूरतों और विकास योजनाओं को लेकर भी फैसले लिए जा सकते हैं। ऐसे में यह बैठक केवल सरकारी तंत्र तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसके निर्णयों का सीधा असर प्रदेश के आम नागरिकों पर भी दिखाई दे सकता है।
रोजगार, शिक्षा, उद्योग और राहत कार्यों से जुड़े संभावित फैसलों को देखते हुए 20 जुलाई की कैबिनेट बैठक को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बेरोजगार युवा, शिक्षक अभ्यर्थी, कर्मचारी, उद्योग जगत और आम जनता सभी की नजरें इस बैठक पर टिकी हैं। यदि प्रस्तावित एजेंडों पर सकारात्मक निर्णय होते हैं तो सरकार को विकास और जनहित के मोर्चे पर बड़ी सफलता मिल सकती है, वहीं विभिन्न वर्गों को भी लंबे समय से प्रतीक्षित राहत मिलने की उम्मीद है।