#विविध
July 28, 2026
CM सुक्खू नंबर-1 : उत्तर भारत के सबसे अमीर मुख्यमंत्री, आपराधिक मामलों में भी सबसे आगे
आपराधिक मामलों में भी CM सुक्खू सबसे आगे
शेयर करें:

शिमला। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की ताजा रिपोर्ट में उत्तर भारत के मुख्यमंत्रियों की घोषित संपत्ति और देनदारियों का विश्लेषण सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक हिमाचल प्रदेश के CM सुखविंद्र सिंह सुक्खू उत्तर भारत के सबसे अधिक संपत्ति वाले मुख्यमंत्री हैं। उनकी घोषित कुल संपत्ति 7.81 करोड़ रुपये है। रिपोर्ट में हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के मुख्यमंत्रियों की संपत्ति का भी ब्यौरा दिया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, CM सुखविंद्र सिंह सुक्खू की कुल घोषित संपत्ति 7 करोड़ 81 लाख रुपये है, जबकि उन पर करीब 22 लाख रुपये की देनदारी है। वे पोस्ट ग्रेजुएट हैं और उनकी वार्षिक आय करीब 17 लाख रुपये बताई गई है। रिपोर्ट में उन्हें कांट्रैक्टर पेंशनर के रूप में भी दर्शाया गया है।
| मुख्यमंत्री | राज्य | घोषित कुल संपत्ति |
|---|---|---|
| सुखविंद्र सिंह सुक्खू | हिमाचल प्रदेश | ₹7.81 करोड़ |
| नायब सिंह सैनी | हरियाणा | ₹5.80 करोड़ |
| रेखा गुप्ता | दिल्ली | ₹5.31 करोड़ |
| पुष्कर सिंह धामी | उत्तराखंड | ₹4.64 करोड़ |
| योगी आदित्यनाथ | उत्तर प्रदेश | ₹1.54 करोड़ |
| भजन लाल शर्मा | राजस्थान | ₹1.46 करोड़ |
हरियाणा के CM नायब सिंह सैनी इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। उनकी घोषित संपत्ति 5 करोड़ 80 लाख रुपये है, जबकि उन पर करीब 74 लाख रुपये की देनदारी है। रिपोर्ट के अनुसार वे ग्रेजुएट हैं और उनकी वार्षिक आय करीब 13 लाख रुपये है। उनके पास स्टोन क्रशर का व्यवसाय भी है।
दिल्ली की CM रेखा गुप्ता 5 करोड़ 31 लाख रुपये की घोषित संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर हैं। उन पर करीब 1.20 करोड़ रुपये की देनदारी है। वहीं उत्तराखंड के CM पुष्कर सिंह धामी की घोषित संपत्ति 4 करोड़ 64 लाख रुपये और देनदारी करीब 47 लाख रुपये बताई गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक उत्तर प्रदेश के CM योगी आदित्यनाथ की घोषित संपत्ति 1 करोड़ 54 लाख रुपये है, जबकि राजस्थान के CM भजन लाल शर्मा की कुल संपत्ति 1 करोड़ 46 लाख रुपये दर्ज की गई है।
ADR की रिपोर्ट के अनुसार उत्तर भारत के मुख्यमंत्रियों में सबसे अधिक लंबित आपराधिक मामले भी CM सुखविंद्र सिंह सुक्खू के खिलाफ दर्ज हैं। उनके खिलाफ चार मामले लंबित हैं। वहीं, पंजाब के CM भगवंत सिंह मान के खिलाफ एक मामला दर्ज है, जबकि हरियाणा के CM नायब सिंह सैनी के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।