#विविध

March 11, 2025

हिमाचल: होली पर रंगों के साथ बरसेंगे बादल, कई जिलों में बारिश-बर्फबारी के आसार

हिमाचल में फिलहाल साफ मौसम, लेकिन जल्द बदल सकते हैं हालात

शेयर करें:

himachal news

शिमला: हिमाचल प्रदेश में बीते कुछ दिनों से मौसम शुष्क और साफ बना हुआ है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में धूप खिली हुई है, जिससे दिन के समय ठंड में कमी आई है। हालांकि, हल्के बादलों की मौजूदगी कुछ क्षेत्रों में देखने को मिल रही है, लेकिन फिलहाल किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं मिले हैं। मौसम विभाग शिमला ने कुछ ऊंचाई वाले और मध्य पर्वतीय इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई थी, लेकिन राजधानी शिमला सहित कई अन्य स्थानों पर मौसम साफ ही बना रहा।

ऊना में सबसे गर्म दिन

लगातार साफ मौसम रहने के कारण प्रदेश में दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हुई है, जबकि अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं देखा गया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल कैबिनेट की बैठक आज, HRTC बसों की खरीद और नई भर्तियों पर हो सकता है फैसला

 

तापमान की बात करें तो सबसे कम तापमान ताबो में -3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे अधिक तापमान ऊना में 28 डिग्री सेल्सियस रहा। अन्य प्रमुख स्थानों पर दर्ज तापमान इस प्रकार रहा:  
शिमला: 9.5°C
- सुंदरनगर: 11.9°C
- भुंतर: 11.6°C
- कल्पा: 3.6°C
- धर्मशाला: 5.2°C
- ऊना: 7.0°C
- नाहन: 11.3°C
- केलंग: -2.3°C
- मनाली: 8.1°C
- कांगड़ा: 13.5°C
- मंडी: 12.9°C
- बिलासपुर: 12.0°C
- चंबा: 13.3°C
- डलहौजी: 8.6°C
- कुकुमसेरी: -2.6°C
- भरमौर: 8.0°C
- पांवटा साहिब: 12.0°C

कल से मौसम में आएगा बदलाव

मौसम विभाग के अनुसार, 12 मार्च की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिससे हिमाचल प्रदेश में मौसम बदलाव देखने को मिलेगा। 12 मार्च को उच्च पर्वतीय और मध्य ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

बारिश-बर्फबारी की संभावना

13 मार्च को पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहेगा। इस दौरान ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी और बारिश देखने को मिल सकती है, जबकि मध्यवर्ती और मैदानी क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। 14 मार्च को पूरे हिमाचल में बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रहेगा।

 

यह भी पढ़ें : जयराम सरकार ने बिगाड़ी हिमाचल की आर्थिक स्थिति, सीएम सुक्खू ने साधा निशाना

 

इसी दिन पारंपरिक रूप से "होली खोली" जाती है, लेकिन इस बार यह त्योहार बारिश और बर्फबारी के बीच मनाया जा सकता है। मौसम विभाग ने 16 मार्च तक राज्य में रुक-रुक कर बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहने की संभावना जताई है।

यात्रियों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए यात्रियों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विशेष रूप से ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में जाने वाले पर्यटकों को ताजा अपडेट लेते रहने की जरूरत होगी, ताकि वे मौसम संबंधी किसी भी परेशानी से बच सकें। वहीं, किसानों को भी सलाह दी गई है कि वे बारिश और बर्फबारी की संभावना को ध्यान में रखते हुए अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाएं।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख