#विविध
June 30, 2025
हिमाचल : जहां पिछली बार बाढ़ ने 36 जिंदगियां छीनीं, वहीं फिर फटा बादल- राहत कार्य जारी
कुछ ही मिनटों में पूरे क्षेत्र में तेज गर्जना के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में एक बार फिर से कुदरत का तांडव देखने को मिला है। सरपारा पंचायत के सिक्का सेरी गांव में सोमवार सुबह एक बादल फटने की घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। यह वही पंचायत है जहां पिछले साल समेज गांव में आई प्रलयकारी बाढ़ ने 36 लोगों की जान ली थी।
आपको बता दें कि बादल फटने की ये घटना आज सुबह करीब 3.20 बजे पर पेश आई है। तड़के सिक्का सेरी के ऊपर के पहाड़ी क्षेत्र में अचानक बादल फटा। उस वक्त सभी लोग अपने-अपने घरों में चैन की नींद सो रहे थे।
कुछ ही मिनटों में पूरे क्षेत्र में तेज गर्जना के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई और देखते ही देखते पहाड़ियों से मलबा, पत्थर और पानी का सैलाब गांव की ओर बहने लगा। कई खेतों को नुकसान पहुंचा है और कुछ गौशालाएं तथा रिहायशी ढांचों को आंशिक क्षति हुई है। प्रशासन के अनुसार अभी तक जान-माल के नुकसान की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन नुकसान की समीक्षा के लिए टीमें मौके पर भेजी गई हैं।
सिक्का सेरी में बादल फटने से इलाके के लोगों को पिछले साल की भयावह त्रासदी की याद दिला दी है। उस वक्त सरपारा पंचायत के समेज गांव में अचानक आई बाढ़ ने गांव के पूरे नक्शे को बदल कर रख दिया था। उस त्रासदी में 36 लोगों की जान गई थी, कई घर बह गए थे और लोग महीनों तक मलबे से अपने परिजनों के शव निकालने में लगे रहे थे। अब एक साल बाद, उसी पंचायत में फिर से प्राकृतिक आपदा ने दस्तक दी है, जिससे लोगों की चिंता और भय और बढ़ गया है।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, होमगार्ड और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें सिक्का सेरी गांव की ओर रवाना हो गई हैं। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों को भी सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन से संपर्क करने को कहा गया है।
बादल फटने के कारण न केवल सिक्का सेरी क्षेत्र में, बल्कि आसपास के गांवों में भी भूस्खलन और नदी-नालों के उफान का खतरा बन गया है। स्थानीय लोगों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी हालत में जलधाराओं और पहाड़ी ढलानों के पास न जाएं।
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश इन दिनों मानसून की सक्रियता के कारण पहले से ही हाई अलर्ट पर है। मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया हुआ है। इस बीच सरपारा पंचायत में बादल फटने की घटना ने यह स्पष्ट कर दिया है कि प्रदेश के दूरस्थ और पहाड़ी गांव सबसे अधिक संवेदनशील बने हुए हैं।