#विविध
December 4, 2025
हिमाचल में सबसे सस्ता ट्रेन सफ़र: 10 रुपए में 50 Km घूमें, कल से दौड़ेगी रेल- देखें पूरा शेड्यूल
बसों- टैक्सियों के किराए से जेब पर असर
शेयर करें:

कांगड़ा। अगर आप कांगड़ा से दिल्ली जाते हैं तो आप यह सफर 600 से ₹700 में पूरा कर सकते हैं लेकिन अगर आप कांगड़ा से शिमला का रुख करते हैं तो यह सफर भले ही दिल्ली की तुलना में छोटा हो मगर किराया हजार रुपए से भी ज्यादा लग जाता है। लेकिन अगर मैं आपसे कहूं कि आप हिमाचल में रहकर सिर्फ ₹10 में 50 किलोमीटर की यात्रा कर सकते हैं तो हैरान बिल्कुल मत होइएगा।
पर्यटन हब कहे जाने वाले हिमाचल प्रदेश में यदि कोई आपके घूमने बाधा बनता है तो वह है यहां की बसों व टैक्सियों का किराया। जो आपकी जेब पर इतना असर डालता है कि आपको अपनी इच्छाओं से मजबूरी में समझौता करना पड़ता है, क्योंकि यहां बसों में दो किलोमीटर के अन्दर सफ़र करने के लिए दस रुपये चुकाने पड़ते हैं।
लेकिन अब कांगड़ा घाटी की जीवनरेखा मानी जाने वाली नैरोगेज रेल सेवा एक बार फिर से पटरी पर लौटने जा रही है। जिसमें आप मात्र दस रुपये किराया देकर पूरे पचास किलोमीटर का सफ़र कर पाएंगे।
इस रेलखंड का सबसे बड़ा आकर्षण इसका बेहद कम किराया है। बैजनाथ–पपरोला से कांगड़ा या जोगिंद्रनगर तक यात्रा मात्र 10 रुपये में पूरी की जा सकती है। रेल अधिकारी बताते हैं कि प्रयत्न जारी हैं कि कांगड़ा से पठानकोट तक की पूरी लाइन भी जल्द ही सामान्य रूप से बहाल की जा सके। फिलहाल यह संचालन बैजनाथ-पपरोला से कांगड़ा और जोगिंद्रनगर के बीच सीमित रूप में शुरू होगा। जिसके लिए रेलवे विभाग ने पहले जारी की गई समय सारिणी में संशोधन करते हुए यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर नई शेड्यूल जारी किया है।
नई व्यवस्था के अनुसार कल शुक्रवार यानी 5 दिसंबर से बैजनाथ–पपरोला से कांगड़ा मंदिर तक दो ट्रेनें रोज़ाना अप-डाउन करेंगी, जबकि जोगिंद्रनगर के लिए एक जोड़ी ट्रेन संचालित होगी। उत्तर रेलवे ने बीते कल यानी बुधवार शाम कांगड़ा घाटी रेलमार्ग को चरणबद्ध तरीके से शुरू करने की घोषणा की।
जम्मू मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि 5 दिसंबर से बैजनाथ पपरोला—जोगिंद्रनगर के बीच एक ट्रेन चलाई जाएगी, जबकि कांगड़ा रूट पर दो गाड़ियाँ संचालित होंगी।