#विविध
September 14, 2025
हिमाचल में बारिश ने मचाई तबाही : घरों में घुसा मलबे का सैलाब, लोगों की चीख-पुकार से दहला इलाका
लोगों ने जागकर गुजारी रात, जैसे-तैसे खुद को बचाया
शेयर करें:
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के इस बार बारिश जमकर कहर बरपा रही है। भारी बारिश का सिलसिला लगातार नुकसान पहुंचा रहा है। रविवार देर रात लगभग 3 बजे जिला हमीरपुर के उपमंडल सुजानपुर की पंचायत खैरी में अचानक आई बाढ़ ने तबाही मचा दी।
बरसात से उफान पर आया एक नाला सीधे तीन मकानों पर टूट पड़ा। घटना के वक्त लोग अपने घरों में चैन की नींद सो रहे थे। बाढ़ का शोर सुनकर लोगों की नींद खुल गई। मलबे का सैलाब देखकर लोगों में चीख-पुकार मच गई। देर रात पूरा इलाका लोगों की चीखों से दहल उठा।
इस बाढ़ से आया मलबा कई घरों में घुस गया। इस बाढ़ में किशोरी लाल का मकान पूरी तरह प्रभावित हो गया है। रात को नाले का मलबा सीधे उसके घर में घुस गया, जिससे अंदर रखा सामान पूरी तरह दबकर खराब हो गया। परिवार के लोग अचानक आई इस आपदा से सहमे हुए हैं।
मकान के बाहर खड़ी किशोरी लाल की कार भी इस बाढ़ की भेंट चढ़ गई। मलबे में दबकर वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। किशोरी लाल के अलावा अन्य दो घरों में भी गहरी दरारें आ गईं, जिससे वहां रहने वाले परिवारों में दहशत का माहौल है। गनीमत यह रही कि लोग समय रहते घरों से बाहर निकल आए और किसी तरह अपनी जान बचा पाए।
ग्रामीणों ने बताया कि रात के समय नाले का शोर इतना तेज था कि लोग नींद से जाग गए। बाहर निकलकर उन्होंने देखा कि पानी और मलबा तेजी से मकानों की ओर बढ़ रहा है। यदि लोग कुछ देर और रुकते तो बड़ी जनहानि हो सकती थी।
लगातार हो रही बारिश से लोग पहले ही दहशत में हैं। ग्रामीणों का कहना है कि हर साल बरसात के मौसम में यह नाला खतरा बना रहता है, लेकिन इस बार पानी का दबाव असामान्य रूप से ज्यादा था। मकान और वाहन उसकी चपेट में आ गए। लोग अब रात को भी घरों में चैन की नींद नहीं ले पा रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नाले के किनारे मजबूत सुरक्षा दीवार बनाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से लोगों की जान-माल का नुकसान न हो। घटना की जानकारी मिलते ही हलका पटवारी मौके पर पहुंचे और नुकसान का आकलन किया। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद और राहत का भरोसा दिया गया है।