#विविध
March 12, 2025
दिल्ली में चल रहे हैं पंखे तो बर्फ का दीदार करने मनाली से लाहौल-स्पीति तक भागे टूरिस्ट
सोलंग नाला, धुंधी और रोहतांग में कई फीट बर्फ
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के फिर हावी होने और ताजा बर्फबारी ने पहाड़ों में ठंडक बढ़ा दी है। दिल्ली में बढ़ती गर्मी के कारण जहां पंखे चलाने की नौबत है, वहीं हिमाचल प्रदेश के मनाली, लाहौल स्पीति, रोहतांग और सोलंग नाला में बर्फ का दीदार करने टूरिस्ट भाग आए हैं। इससे पर्यटन और होटल कारोबारियों के चेहरे पर रौनक वापस आ गई है।
बर्फबारी के बाद मनाली का मौसम सुहावना हो गया है। मनाली के सोलंग नाला, धुंधी और अटल टनल रोहतांग में पर्यटकों का जमावड़ा लगा हुआ है। कुल्लू और लाहौल स्पीति जिला के ऊंचे क्षेत्रों में फ्रैश स्नोफॉल हुआ है।
इससे देखने के लिए पर्यटक काफी संख्या में मनाली पहुंच रहे है। भारी हिमपात की वजह से अटल टनल रोहतांग, कोकसर इत्यादि क्षेत्रों में टूरिस्ट को अगले एक महीने तक बर्फ देखने को मिलेगी।
मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में अभी बर्फबारी का दौर जारी रहने वाला है। मनाली में रास्ते अब पूरी तरह से खुल चुके हैं। इससे सोलंगनाला तक पर्यटक आसानी से पहुंच रहे हैं और बर्फ के बीच मस्ती कर रहे हैं।
अटल टनल-रोहतांग, केलांग और उदयपुर तक सड़क बहाल कर दी गई है। इन जगह पर टूरिस्ट व्हीकल की पार्किंग के लिए व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए सड़क किनारे से बर्फ हटाने का काम जारी है। इसके बाद टूरिस्ट रोहतांग टनल के पार लाहौल तक जा सकेंगे।
मनाली से लेकर लाहौल-स्पीति तक पहुंच रहे अधिकांश टूरिस्ट महाराष्ट्र और राजस्थान के विभिन्न हिस्सों से हैं। इन दोनों राज्यों में फिलहाल गर्मी तेज हो गई है। शुक्रवार होली से लेकर रविवार तक के लंबे वीकेंड के दौरान टूरिस्टों की संख्या बढ़ने की उम्मीद की जा रही है। इससे पर्यटन और होटल कारोबारी खुश हैं।