#विविध
March 12, 2025
चलती HRTC बस के इंजन से निकला धुआं- अचानक हुआ धमाका,सवारियों में मची चीख-पुकार
रामपुर डिपो की एक बस बनी आग का गोला, बाल-बाल बचे यात्री
शेयर करें:

शिमला। एक ओर जहां डिप्टी सीएम और परिवहन मंत्री मुकेश अग्नहोत्री ने बुधवार को राज्य विधानसभा में आश्वस्त किया कि राज्य में HRTC की 15 साल पुरानी बसें नहीं चलेंगी। लेकिन हकीकत यह है कि बुधवार सुबह रामपुर डिपो की HRTC बस आग की भेंट चढ़ गई। ड्राइवर ने सूझ-बूझ दिखाते हुए सभी यात्रियों को बस से सुरक्षित निकाल लिया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
प्रश्नकाल के दौरान एक सवाल के जवाब में डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि HRTC की 15 साल पुरानी बसें नहीं चलेगी। इलेक्ट्रिक बसों की डिलीवरी में 11 महीने का वक्त लगेगा। इसलिए इलेक्ट्रिक बसें आने तक एचआरटीसी 250 डीजल बसें और 100 टेंपो ट्रैवलर खरीदेगा। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि इस साल 650 के करीब बसें खरीदने की योजना है, जिन रूट पर कम सवारी है, वहां टेंपो ट्रैवलर चलाएंगे। डीजल और इलेक्ट्रिक बसें जहां जरूरत होगी उस रूट पर चलाई जाएगी।
बुधवार को ललसा-रामपुर रूट पर चल रही HRTC की बस में सुबह 11.30 बजे अचानक आग लग गई। आग बस के इंजन में लगी और पलक झपकते ही पूरे बस को खाक कर गई। सवारियों ने किसी तरह बस के कूदकर अपनी जान बचाई। घटना शिंगला के हाउसिंग बोर्ड के पास की है। बस ड्राइवर मदन यात्रियों को बिठाने के लिए बस रोक रहे थे। इसी दौरान उन्होंने बस के अंदर से धुआं निकलते देखा। तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए सभी यात्रियों को बस से बाहर निकलने को कहा। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया।
लोगों का कहना है कि अकेले रामपुर डिपो में ऐसी 15 बसें हैं, जो अपनी उम्र पूरी कर चुकी हैं। इसके बावजूद इन कंडम बसों को ग्रामीण रूट पर चलाया जा रहा है। ये बसें अक्सर रास्ते में खराब हो जाती हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी होती है। इन बसों के सड़क पर होते हुए अचानक किसी बड़े हादसे की आशंका को नकारा नहीं जा सकता।