#विविध

April 3, 2026

हिमाचल में इन पेंशनरों के लिए "गुड न्यूज", इसी महीने होगा लंबित देनदारियों का भुगतान

विद्युत पेंशनर्ज फोरम और बोर्ड प्रबंधन के बीच हुई बैठक में लिया बड़ा फैसला

शेयर करें:

Electricty Pensioner

शिमला। हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड के उन हजारों पेंशनरों के लिए राहत भरी खबर आई है, जो लंबे समय से अपने वित्तीय हक और लंबित देनदारियों के लिए टकटकी लगाए बैठे थे। शिमला में विद्युत पेंशनर्ज फोरम और बोर्ड प्रबंधन के बीच हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में पेंशनरों की मांगों पर सकारात्मक मुहर लग गई है। बोर्ड के निदेशक (वित्त) अरिंदम चौधरी ने स्पष्ट आश्वासन दिया है कि पेंशनरों की प्रमुख देनदारियों का निपटारा इसी माह के अंत तक कर दिया जाएगा।

सितंबर 2024 तक के बकाया का होगा तुरंत भुगतान

बैठक में फोरम के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कुलदीप खरवाड़ा, एस.एन. कपूर, के.एस. जम्वाल और चेत राम शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने पेंशनरों की ज्वलंत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। चर्चा के बाद प्रबंधन ने ऐलान किया कि सितंबर 2024 तक सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों की 'लीव इनकैशमेंट', ग्रेच्युटी और अन्य बकाया राशियों का भुगतान इसी महीने सुनिश्चित किया जाएगा। इतना ही नहीं, बोर्ड ने यह भी संकेत दिए हैं कि यदि वित्तीय संसाधन अनुकूल रहे, तो अक्टूबर 2024 तक के पेंशनरों की समस्त लंबित देनदारियों को भी जल्द निपटा दिया जाएगा।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : राजपूत से फर्जी गुज्जर बन डिप्टी रेंजर की पोस्ट तक पहुंचा प्रकाश चंद, अब हुआ जेल

बुजुर्ग पेंशनरों को विशेष सौगात

प्रबंधन ने 70 से 75 वर्ष की आयु वर्ग के बुजुर्ग पेंशनरों के लिए विशेष राहत की घोषणा की है। इस श्रेणी के पेंशनरों को संशोधित पेंशन की बकाया राशि (Arrears) का भुगतान इसी महीने की पेंशन के साथ जोड़कर जारी कर दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, स्वास्थ्य संबंधी खर्चों से जूझ रहे पूर्व कर्मचारियों को राहत देते हुए बोर्ड ने फरवरी 2026 तक जमा हुए सभी मेडिकल बिलों का भुगतान अगले 1 से 2 दिनों में करने का भरोसा दिलाया है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस के हत्थे चढ़े दो युवक : ढेर सारी कैश और चिट्टा बरामद, टैक्सी से निकले थे डील करने

भविष्य के लिए बनेगी स्पष्ट नीति

पेंशनरों को बार-बार अपने हक के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए बोर्ड अब एक स्थाई समाधान की ओर बढ़ रहा है। प्रबंधन ने फोरम को आश्वस्त किया है कि सेवानिवृत्ति के वित्तीय लाभों का भुगतान अब चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिए शीघ्र ही एक स्पष्ट नीति (Policy) बनाई जाएगी। भविष्य में रिटायर होने वाले कर्मचारियों के लाभों में अनावश्यक देरी को रोकने के लिए मैकेनिज्म तैयार होगा।

यह भी पढ़ें : टोल टैक्स हंगामे के बाद बैकफुट पर सुक्खू सरकार- HP नंबर को बड़ी राहत, बाहरी के भी घटाए रेट

पेंशनर फोरम ने जताया संतोष

फोरम के पदाधिकारियों ने प्रबंधन के इस संवेदनशील रुख का स्वागत किया है। लंबे समय से चल रहे इस गतिरोध के खत्म होने से प्रदेश भर के बिजली बोर्ड पेंशनरों में खुशी की लहर है। पेंशनरों का कहना है कि बुढ़ापे के इस पड़ाव में समय पर वित्तीय लाभ मिलना उनके सम्मानजनक जीवन के लिए बेहद जरूरी है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख