#विविध
June 16, 2025
हिमाचलियों ने निभाया इंसानियत का धर्म- अंजाने को दी अंतिम विदाई, परिवार ने ठुकरा दी थी देह
नशे की लत ने छीना परिवार, अंतिम विदाई पर बार भी नहीं आया कोई
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में कुछ लोगों ने इंसानियत का फर्ज निभाया। जब एक जीवन चुपचाप बिछड़ गया, जब उस व्यक्ति के परिवार ने पीठ मोड़ ली और रिश्तेदारों ने पहचानने से इनकार कर दिया। तब कुछ लोगों ने एक अनजान व्यक्ति का पूरे विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया।
दरअसल, बीती 13 जून की रात को टोकियो (माजरा) क्षेत्र में एक हादसा पेश आया। इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मृतक की शिनाख्त करना शुरू की।
जैसे-तैसे पुलिस टीम ने मृतक के परिजनों का पता लगाया। मगर दुखद बात तो ये हुई कि मृतक के परिजनों ने उसे स्वीकार करने से मना कर दिया। परिजनों ने साफ तौर पर पुलिस को कहा कि वो उसका अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय कमल उर्फ कालू के रूप में हुई- जो कि अंबाला शहर का रहने वाला था। बताया गया कि कालू नशे का आदि था। ऐसे में सरल संस्कार एंड वेलफेयर सोसाइटी मानवता का परिचय देते हुए आगे आई। टीम ने पूरे विधि-विधान के साथ व्यक्ति को अंतिम विदाई दी।
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सरल संस्कार एंड वेलफेयर सोसाइटी की मानवता की चर्चा हो रही है। वहीं, नशे को लेकर भी लोगों में काफी रोष है। लोगों का कहना है कि नशे ने कई घरों को उजाड़ दिया है। आलम ऐसा है कि अब इस नशे के कारण लोग परिजन अपने बच्चों को अपनाने तक से मना कर रहे हैं।