#विविध
June 1, 2026
हिमाचल: रीकाउंटिंग के 'खेल' में हार गया जीता हुआ निर्दलीय प्रत्याशी, कांग्रेस उम्मीदवार की लगी लॉटरी
मतगणना को लेकर हुआ विवाद, हारे प्रत्याशी ने डीसी को सौंपी शिकायत
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज और जिला परिषद चुनावों के नतीजे सामने आने के बाद सूबे की सियासी फिजां पूरी तरह गरमा गई है। इस बार के चुनाव परिणामों ने जहां कई दिग्गजों को धूल चटाई है, वहीं कई जगहों पर ऐसे चौंकाने वाले मामले सामने आए हैं जिसने लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसा ही एक बेहद हैरान करने वाला और सनसनीखेज मामला कुल्लू जिला के धाउगी जिला परिषद वार्ड से सामने आया है, जहां मतगणना को लेकर आधी रात को जमकर बवाल हुआ। धाउगी वार्ड में कांटे की टक्कर के बाद एक निर्दलीय (आजाद) प्रत्याशी ने जीत का परचम लहरा दिया था, लेकिन इसके बाद जो कुछ भी हुआ, उसने बंजार से लेकर जिला मुख्यालय ढालपुर तक की सियासत में भूचाल ला दिया।
धाउगी वार्ड में मतगणना की शुरुआत से ही मुकाबला बेहद कड़ा था। जब मतों की प्रारंभिक गिनती पूरी हुई, तो आजाद प्रत्याशी ओम प्रकाश ठाकुर ने कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार गिरधारी चौहान को पछाड़ते हुए शानदार जीत दर्ज की थी। निर्दलीय प्रत्याशी ओम प्रकाश ठाकुर को 5,303 वोट मिले थे। जबकि कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार गिरधारी चौहान को 5,292 वोट मिले।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की नई ग्रामीण सरकार: युवाओं-महिलाओं का दबदबा, अनपढ़ों को भी सौंपी सत्ता की चाबी
ओम प्रकाश महज 11 वोटों से चुनाव जीत चुके थे और उनके खेमे में जश्न की तैयारियां शुरू हो गई थीं। लेकिन इसी बीच पिछड़ रहे कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार गिरधारी चौहान ने नतीजों को मानने से इनकार कर दिया और तुरंत रीकाउंटिंग (दोबारा मतगणना) की लिखित मांग डाल दी।
इसके बाद जो हुआ उसने सबको हैरत में डाल दिया। प्रशासन ने जब गिरधारी चौहान की मांग पर रीकाउंटिंग शुरू की] तो वोटों का गणित पूरी तरह उलझ गया। रीकाउंटिंग के बाद आए अंतिम नतीजों में जीता हुआ निर्दलीय प्रत्याशी बड़े और चौंकाने वाले अंतर से चुनाव हार गया।
यह भी पढ़ें : पार्टी से निष्कासित देवांश ने दर्ज की ऐतिहासिक जीत, कांग्रेस-भाजपा प्रत्याशियों की जब्त हो गई जमानत
दोबारा हुई गिनती में ओम प्रकाश ठाकुर के खाते से कई वोट कम हो गए और उनका आंकड़ा 5,303 से घटकर मात्र 5,275 पर आ गया। इस तरह, जो प्रत्याशी कुछ देर पहले तक जीत का जश्न मना रहा था, वह अचानक हार की कगार पर पहुंच गया और कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी गिरधारी चौहान को विजयी घोषित कर दिया गया।
इस अप्रत्याशित उलटफेर के बाद धाउगी वार्ड में विवाद गहरा गया। पराजित घोषित किए गए आजाद प्रत्याशी ओम प्रकाश ठाकुर और उनके सैकड़ों समर्थक भड़क उठे। समर्थकों के साथ ढालपुर स्थित डीसी कार्यालय पहुंचे ओम प्रकाश ठाकुर ने बंजार के एसडीएम और स्थानीय तहसीलदार के खिलाफ जमकर गुब्बार निकाला और प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में 'चाय पिलाने' वाले हाथों में सत्ता की कुर्सी, भाजपा ने अपने सेवादार परसराम पर जताया था भरोसा
आजाद प्रत्याशी ने जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा को बकायदा एक लिखित शिकायत सौंपकर इस पूरी प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
ओम प्रकाश ने बताया कि मतगणना के दौरान रात के समय सोची-समझी साजिश के तहत रीकाउंटिंग एजेंटों को बदला गया। मेरे कई वैध मतों को जानबूझकर निरस्त कर दिया गया और वोटों की अदला-बदली कर कांग्रेस प्रत्याशी को फायदा पहुंचाया गया। जब मैंने एक और बार रीकाउंटिंग की मांग की] तो अधिकारियों ने मेरी एक न सुनी।
ओम प्रकाश ठाकुर का साफ कहना है कि अगर इस तरह सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करके नतीजों को बदला जाएगा, तो आम जनता का लोकतांत्रिक व्यवस्था से विश्वास ही उठ जाएगा। बहरहाल] कुल्लू के धाउगी वार्ड का यह रीकाउंटिंग विवाद अब पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन चुका है। बंजार घाटी से शुरू हुई यह सियासी चिंगारी अब उपायुक्त की दहलीज पर है, और देखना होगा कि डीसी कुल्लू इस गंभीर शिकायत पर क्या कड़ा संज्ञान लेते हैं।