#विविध
June 21, 2025
मां चामुंडा के मंदिर निर्माण में देर भी और अंधेर भी: अब दानदाता कराएंगे निर्माण
लंबे समय से अधूरा पड़ा निर्माण कार्य अब यज्ञशाला के माध्यम से होगा शुरू
शेयर करें:

कांगड़ा। उत्तर भारत के प्रमुख शक्तिपीठों में शामिल मां चामुंडा देवी मंदिर के निर्माण कार्य में देरी अब प्रशासन की रडार पर आ गई है। कांगड़ा के उपायुक्त हेमराज बैरवा ने लोक निर्माण विभाग (PWD) को मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्य को तत्काल रोकने के निर्देश दिए हैं।
यह फैसला ठेकेदार द्वारा समय पर कार्य पूरा न करने और गुणवत्ता पर उठे सवालों के बाद लिया गया। बता दें कि मंदिर परिसर के निर्माण कार्य में पिछले कई लंबे समय से प्रशासन द्वारा ढील बरती जा रही थी, जिस कारण लोगों में काफी असंतोष था।
एसडीएम धर्मशाला मोहित रतन ने जानकारी दी कि अब यह कार्य दानी सज्जनों के माध्यम से यज्ञशाला की ओर से आगे बढ़ाया जाएगा, जिन्हें प्रशासन से औपचारिक अनुमति भी मिल चुकी है। ये श्रद्धालु मंदिर निर्माण कार्य को PWD द्वारा तैयार की गई तकनीकी ड्राइंग के अनुरूप ही आगे बढ़ाएंगे ताकि गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।
मंदिर ट्रस्ट और स्थानीय श्रद्धालुओं ने लंबे समय से निर्माण में देरी पर नाराज़गी जताई थी। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि जब दानी श्रद्धालु स्वयं निर्माण का सारा खर्च वहन करने को तैयार हैं, तो फिर सरकारी विभाग ने कार्य में जानबूझकर देरी क्यों की और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
चामुंडा मंदिर का पुनर्निर्माण केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है। प्रस्तावित योजना के अनुसार मंदिर का गर्भगृह सोने और चांदी से सजाया जाएगा, जिसके लिए श्रद्धालु स्वेच्छा से भारी धनराशि देने को तैयार हैं।
वहीं, एसडीएम मोहित रतन ने बताया कि मंदिर में खाली पड़े पदों को भरने की प्रक्रिया भी सरकार की अनुमति के बाद ही शुरू हो सकेगी। इसके लिए विभाग सरकार से पत्राचार कर रहा है।