#विविध
July 26, 2026
हिमाचल का सहारा बनी मोदी सरकार, आर्थिक संकट के बीच जारी की 2395 करोड़ रुपये की ग्रांट
केंद्र सरकार ने प्राइड ऑफ हिल्स योजना के तहत जारी की पहली किस्त
शेयर करें:

शिमला। आर्थिक चुनौतियों और बढ़ते कर्ज के बोझ से जूझ रहे हिमाचल प्रदेश के लिए केंद्र की मोदी सरकार ने बड़ी वित्तीय राहत भेजी है। केंद्र सरकार ने 'प्राइड ऑफ हिल्स' योजना के तहत राज्य को 2,395 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी कर दी है। यह राशि अनटाइड ग्रांट (बिना शर्त अनुदान) के रूप में दी गई है, जिससे राज्य सरकार अपनी वित्तीय जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ विकास कार्यों को भी गति दे सकेगी। लंबे समय से वित्तीय दबाव झेल रहे प्रदेश के लिए इस सहायता को बड़ी राहत माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश के लिए 3,920 करोड़ रुपये की विशेष वित्तीय सहायता मंजूर की है। इसमें से 60 प्रतिशत यानी 2,395 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी कर दी गई है। शेष 40 प्रतिशत राशि वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान नवंबर माह में जारी किए जाने की संभावना है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल शख्स ने पैसों के लेनदेन को लेकर कमरे में बुलाई महिला, फिर जबरन किया मुंह काला
प्रदेश की आर्थिक स्थिति पिछले कुछ वर्षों में लगातार दबाव में रही है। 16वें वित्त आयोग के लागू होने के बाद हिमाचल को मिलने वाला राजस्व घाटा अनुदान (Revenue Deficit Grant) बंद हो गया था। अंतिम वर्ष में राज्य को इस मद में करीब 3,300 करोड़ रुपये मिले थे, जबकि शुरुआती वर्षों में यह राशि लगभग 11 हजार करोड़ रुपये तक पहुंची थी। इसके बंद होने के बाद राज्य सरकार लगातार केंद्र से विशेष आर्थिक सहायता की मांग करती रही।
सरकार को मिली यह अनटाइड ग्रांट किसी विशेष योजना तक सीमित नहीं है। ऐसे में राज्य सरकार इस राशि का उपयोग विकास परियोजनाओं, बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और अन्य वित्तीय आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए कर सकेगी। माना जा रहा है कि इससे रुके हुए कई विकास कार्यों को भी गति मिलेगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : ट्रैकिंग के लिए निकले 10 लोग, नाला पार करते समय बहा टीम लीडर; अगले दिन मिली देह
हिमाचल प्रदेश की आर्थिक स्थिति इस समय गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। प्रदेश पर कुल कर्ज का आंकड़ा 1.10 लाख करोड़ रुपये से अधिक पहुंच चुका है। ऐसे में केंद्र से मिली यह वित्तीय सहायता सरकार के लिए राहत लेकर आई है और इससे वित्तीय प्रबंधन को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
'प्राइड ऑफ हिल्स' योजना के तहत बची हुई 40 प्रतिशत राशि नवंबर में जारी की जाएगी। इस दूसरी किस्त के मिलने के बाद प्रदेश सरकार को विकास योजनाओं और वित्तीय दायित्वों को पूरा करने में और अधिक सहायता मिलेगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में अब यहां फटा बादल: बाढ़ में बहा अस्थायी पुल, उफनता नाला पार करने को मजबूर लोग
विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा आर्थिक परिस्थितियों में केंद्र से मिली यह सहायता हिमाचल प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। इससे वित्तीय दबाव कम करने के साथ-साथ विकास कार्यों की रफ्तार बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।