#विविध
April 19, 2025
हिमाचल: बौंद्रा देवता मंदिर डकैती कांड में 3 आरोपियों को उम्रकैद, चौकीदार को मिला इंसाफ
डकैती के बाद बेरहमी से की गई थी हत्या
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला स्थित रोहड़ू उपमंडल के बौंद्रा देवता मंदिर में 2013 में हुई डकैती और चौकीदार की हत्या के सनसनीखेज मामले में आज जिला अदालत चक्कर, शिमला ने तीन दोषियों को आजीवन कारावास और 3 लाख रुपए जुर्माने की सजा सुनाई है। यह फैसला अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश प्रवीण गर्ग की अदालत ने सुनाया।
बताते चलें कि 2013 की आधी रात को नेपाल के तीन नागरिकों रमेश बहादुर, धीरेंद्र शाही और भरत ने बौंद्रा देवता मंदिर में घुसकर 14.195 किलो सोने-चांदी के आभूषण लूटे थे और मंदिर के चौकीदार हीरा लाल की हत्या कर दी थी। पुलिस ने मामले में IPC की धाराएं 460, 302, 395, 396 और 120-B के तहत एफआईआर दर्ज की थी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में तूफान की दस्तक: आसमान से आफ़त गिरने की चेतावनी, ऑरेंज अलर्ट जारी
2016 में रोहड़ू कोर्ट ने तीनों को उम्रकैद की सजा सुनाई थी, लेकिन दोषियों की अपील पर हिमाचल हाईकोर्ट ने सजा रद्द करते हुए मामले की दोबारा सुनवाई के आदेश दिए थे। कोर्ट ने आयोग गठित कर गवाहों और आरोपियों के दोबारा बयान लेने को कहा। रिपोर्ट के आधार पर अब दोबारा दोष सिद्ध हुए और उसी केस में दोबारा उम्रकैद सुनाई गई। यह हिमाचल में अपनी तरह का पहला केस है जिसमें एक ही अपराध में दूसरी बार सजा सुनाई गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: अब BPL में नहीं जुड़ेंगे नए परिवार, केंद्र ने फंसाया यह पेंच- अप्लाई किया तो मिलेगी सजा
इस केस में पुलिस ने उत्तरी दिल्ली के मजनू का टीला इलाके से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उन्हें दिल्ली में गहनों का सौदा करने की फिराक में पकड़ा गया था। विशेष ऑपरेशन सेल की टीम ने खुफिया सूचना पर बस पार्किंग क्षेत्र में दबिश देकर इन्हें दबोच लिया था।