#विविध
June 6, 2025
हिमाचल: 10वीं की जिला टॉपर अन्वी बनी डीसी, किया फील्ड निरीक्षण, शिकायतें भी सुनीं
डीसी अन्वी ने किया फील्ड निरीक्षण, शिकायतें भी सुनीं
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला में 10वीं में टॉप करने वाली अन्वी एक दिन की डीसी बनी है। मंडी जिला के सरकाघाट क्षेत्र के डून गांव की अन्वी सिंह को यह इनाम मंडी जिला प्रशासन द्वारा शुरू की गई नई पहल के चलते मिला है। अन्वी ने 10वीं कक्षा में पूरे जिला में टॉप किया था और प्रदेश भर में चौथा स्थान हासिल किया था।
दरअसल हिमाचल प्रदेश में मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए मंडी जिला प्रशासन ने एक सराहनीय पहल शुरू की है। इस पहल का नाम "डीसी फॉर ए डे" यानी एक दिन का डीसी रखा गया है। इस अभिनव कार्यक्रम के तहत जिले में टॉप करने वाली होनहार छात्रा अन्वी सिंह को एक दिन के लिए उपायुक्त मंडी की भूमिका निभाने का अवसर मिला। आलोक भारती विद्यालय कोटली की छात्रा अन्वी गुरुवार को एक दिन की डीसी बनी।
अन्वी ने गुरुवार सुबह 9 बजे उपायुक्त कार्यालय में अपनी प्रशासनिक पारी की शुरुआत की। डीसी अपूर्व देवगन ने उनका औपचारिक स्वागत किया और उन्हें प्रशासनिक कार्य प्रणाली से अवगत करवाया। अन्वी के साथ उनके पिता विक्रम सिंह ठाकुर और दादा भी इस गौरवपूर्ण पल के साक्षी बने।
डीसी की कुर्सी पर बैठते ही अन्वी को सबसे पहले भूकंप से निपटने के पूर्वाभ्यास की जिम्मेदारी दी गई। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में जिला अधिकारियों से संवाद किया और मॉक ड्रिल की निगरानी की। इसके बाद उन्होंने उपायुक्त कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का दौरा किया, फील्ड निरीक्षण, लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को मौके पर आवश्यक निर्देश दिए।
इस पूरे अनुभव पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए अन्वी ने कहा कि यह मेरे जीवन का सबसे यादगार दिन है। आज मैंने महसूस किया कि एक प्रशासनिक अधिकारी का काम कितना जिम्मेदारीपूर्ण होता है। मैंने बहुत कुछ सीखा, खासकर व्यवहारिक तौर पर।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार जंगलों की सुंदरता से बढ़ाएगी प्रदेश की आर्थिकी, रोजगार भी मिलेगा; जानें प्लान
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य छात्रों को प्रेरित करना और उन्हें प्रशासनिक तंत्र की जानकारी देना है। उन्होंने कहा कि हम बच्चों को बेहतर भविष्य की दिशा में प्रेरित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। डीसी फॉर ए डे कार्यक्रम से बच्चों को आत्मविश्वास मिलेगा और वे नई ऊंचाइयों को छू सकेंगे। उन्होंने अन्वी को उसकी मेहनत और अनुशासन के लिए बधाई दी और विश्वास जताया कि यह अनुभव उसे जीवन में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा देगा।