#यूटिलिटी
June 6, 2025
सुक्खू सरकार जंगलों की सुंदरता से बढ़ाएगी प्रदेश की आर्थिकी, रोजगार भी मिलेगा; जानें प्लान
पर्यटकों को प्रदेश के जंगलों में मिलेगी होटलों जैसी सुविधा
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की आर्थिकी बढ़ाने और युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने की दिशा में प्रदेश की सुक्खू सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। जिसके तहत अब बाहरी राज्यों से हिमाचल घूमने आने वाले पर्यटक अब हिमाचल के जंगलों के बीच शांत वादियों में प्राकृतिक सुंदरता का आनंद ले सकेंगे। पर्यटकों को जंगलों के अंदर होटल जैसी सुविधा मिलेगी। इसके लिए सरकार ने प्रदेश भर में 78 ईको टूरिज्म साइट्स को चिन्हित किया है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार का यह कदम जहां पर्यटन को नई दिशा देगा, वहीं ईको टूरिज्म नीति को भी बढ़ावा देगा। इससे सरकार की आर्थिकी में बढ़ाबा भी होगा। सरकार द्वारा चिन्हित 78 ईको टूरिज्म साइट्स हिमाचल के जंगलों में होंगी। इन साइट्स पर पर्यावरण को बिना नुकसान पहुंचाए ईको-फ्रेंडली हट्स, कॉटेज और टेंट लगाए जाएंगे। जंगल में किसी भी तरह का स्थायी निर्माण नहीं किया जाएगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : एक मोड़ ने बुझाए कई घरों के चिराग, अब फिर परिवार ने खोया जवान बेटा- ट्रक से टकराई बाइक
इसके लिए सरकार ने प्रदेश के कुल्लू, चंबा, शिमला, मंडी, सिरमौर और कांगड़ा जिलों में स्थानों का चयन किया है। जंगलों के बीच रहने का अनुभव न केवल सैलानियों के लिए नया रोमांच लेकर आएगा, बल्कि इससे ग्रामीण इलाकों की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। सरकार का फोकस सिर्फ पर्यटकों को आकर्षित करना नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों को भी इस प्रक्रिया में जोड़ना है।
सरकार की इस नई पर्यटन नीति के तहत इन ईको साइट्स को विकसित करने वाली कंपनियों को अनिवार्य रूप से स्थानीय युवाओं को रोजगार देना होगा। राज्य सरकार का मानना है कि ईको टूरिज्म से पर्यटन का विस्तार गांवों तक होगा और स्थानीय उत्पादों को भी बाज़ार मिलेगा। यही नहीं, इन साइट्स की देखरेख संचालन और निर्माण कार्यों में स्थानीय युवक.मंडलों, महिला मंडलों और ग्रामीणों को भी भागीदार बनाया जाएगा।
वन विभाग इन साइट्स को लीज पर देकर निजी कंपनियों से इन्हें पर्यटन के लिए तैयार करवाएगा। इसके लिए नीलामी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इन प्रयासों से हिमाचल आने वाले पर्यटकों को शहरों से दूर शांति और प्रकृति के करीब रहने का मौका मिलेगा और राज्य के युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। सरकार ने ईको पर्यटन साइट विकसित करने के लिए नियमों में भी छूट दी है। सरकार का लक्ष्य है कि इस साल 5 करोड़ सैलानी हिमाचल का रुख करें और राज्य की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई दें।