#विविध
May 27, 2026
हिमाचल: 35 साल से बिस्तर पर पड़ा था बुजुर्ग, सोशल मीडिया पर हुआ वायरल- अनुराग ठाकुर ने पहुंचाई मदद
ऊना में कवि सुभाष पारस के घर पहुंची मेडिकल टीम, अनुराग ठाकुर की स्वास्थ्य सेवा बनी सहारा
शेयर करें:

ऊना। कभी-कभी सोशल मीडिया पर लिखी गई एक दर्दभरी पोस्ट किसी के जीवन में उम्मीद की किरण बन जाती है। ऐसा ही एक मामला ऊना जिले के गांव सलोह से सामने आया है, जहां पिछले करीब 35 वर्षों से बिस्तर पर जिंदगी गुजार रहे कवि, शायर और गीतकार सुभाष पारस की मदद के लिए “सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा” की टीम उनके घर पहुंची।
बताया जा रहा है कि सुभाष पारस ने मंगलवार शाम करीब 5 बजे सोशल मीडिया पर अपनी खराब स्वास्थ्य स्थिति साझा करते हुए सहायता की अपील की थी। उन्होंने अपनी पोस्ट में बताया कि वह लंबे समय से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं और लगातार बिस्तर पर हैं। इस दौरान उन्होंने उपमुख्यमंत्री एवं हरोली के विधायक मुकेश अग्निहोत्री और हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर द्वारा संचालित सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा से मदद की गुहार लगाई थी।
पोस्ट सामने आते ही अनुराग सिंह ठाकुर की टीम ने तुरंत मामले का संज्ञान लिया। टीम के सदस्य राहुल शर्मा ने परिवार से संपर्क कर स्वास्थ्य संबंधी पूरी जानकारी जुटाई। इसके बाद बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे डॉ. प्रदीप कुमार के नेतृत्व में सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा की मेडिकल टीम सुभाष पारस के घर पहुंची।
मेडिकल टीम ने मौके पर सुभाष पारस का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध करवाईं। लंबे समय से बीमारी और शारीरिक परेशानियों से जूझ रहे सुभाष पारस और उनके परिवार ने इस सहायता पर राहत जताई और टीम का आभार व्यक्त किया।
गौरतलब है कि अनुराग सिंह ठाकुर द्वारा शुरू की गई सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा पिछले आठ वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और जरूरतमंद परिवारों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचा रही है। दावा किया गया कि इस सेवा के माध्यम से अब तक करीब 12 लाख लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और उपचार किया जा चुका है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि जरूरतमंदों तक घर-घर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की यह पहल कई परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। लोगों का कहना है कि जब भी किसी जरूरतमंद को तत्काल सहायता की आवश्यकता होती है, यह सेवा सबसे पहले पहुंचने का प्रयास करती है।