#विविध
May 8, 2026
हिमाचल : 25 वर्षीय युवक लापता, तलाश में दर-दर भटक रही मां और बहन; लोगों से मांगी मदद
पिछले दो महीने से किसी बात को लेकर परेशान था सचिन
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से एक बेहद चिंताजनक खबर सामने आई है। यहां रामपुर पुलिस थाने के अंतर्गत पेलन गांव का रहने वाला एक 25 वर्षीय युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। जवान बेटे के ऐसे अचानक लापता हो जाने से उसका परिवार बेहद परेशान है।
बताया जा रहा है कि युवक पिछले करीब दो दिन से लापता है। उसका कहीं कुछ पता नहीं चल पा रहा है। युवक के लापता होने से परिजन काफी घबराए हुए हैं। परिजन लापता युवक की तलाश में दर-दर भटक रहे हैं और उसके सही-सलामत मिलने की कामना कर रहे हैं।
लापता युवक के परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट रामपुर पुलिस थाने में दर्ज करवाई है। परिजनों ने बताया कि बीती परिजनों ने बताया कि 6 मई, बुधवार को शाम करीब साढ़े 6 बजे सचिन घर से निकला था।
परिजनों ने बताया कि देर रात तक भी सचिन घर वापस नहीं आया तो उन्हें चिंता सताने लगी। उन्होंने उसे कई बार फोन भी किया। मगर सामने से उसका कोई जवाब नहीं आया। उन्होंने बताया कि पिछले करीब दो महीने से उसका मानसिक संतुलन भी ठीक नहीं था।
परिजनों अपने स्तर पर उसे हर जगह ढूंढा, लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चल पाया। सचिन के दोस्तों व रिश्तेदारों को भी उसके बारे में कोई जानकारी नहीं थी। अब सचिन को घर से गए हुए दो दिन बीत गए हैं और उसका कुछ अता-पता नहीं है। सचिन के पिता का निधन हो चुका है। सचिन के ऐसे अचानक लापता होने से माता सीता देवी और बहन अंकिता देश्टा दोनों बहुत परेशान हैं।

परिजनों ने बताया कि वो कभी किसी से बिना बताए कहीं नहीं जाता था। इसलिए यह घटना उन्हें और ज्यादा असामान्य लग रही है। परिवार सचिन की तलाश में दर-दर भटक रहा है। पुलिस ने भी मामले को प्राथमिकता पर लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सचिन की खोज के लिए आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है और CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं- ताकि किसी सुराग तक पहुंचा जा सके। इसके अलावा आसपास के पुलिस थानों में भी सचिन की तस्वीर भेज दी गई है। उन्होंने सचिन के परिवार को आश्वासन दिया है कि जल्द ही सचिन को ढूंढ लिया जाएगा।
सचिन देश्टा के परिजनों ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। उन्होंने सभी से अनुरोध किया है कि अगर किसी को सचिन के बारे में कोई जानकारी हो या उन्होंने उसे कहीं देखा हो, तो कृपया थाने से संपर्क करें। परिजनों ने अपना मोबाइल नंबर 8091411269 भी शेयर किया है।