#रोजगार
March 18, 2026
हिमाचल में सरकारी टीचर्स भर्ती परीक्षा का शेड्यूल जारी, असिस्टेंट स्टाफ नर्स के पद भी बढ़ाए- जानें
असिस्टेंट स्टाफ नर्स के बढ़ाए 118 अतिरिक्त पद
शेयर करें:

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में सरकारी नौकरियों का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए अहम अपडेट सामने आया है। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग यानी HPSSC ने अंग्रेजी अध्यापक भर्ती के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) का शेड्यूल जारी कर दिया है। यह परीक्षा 3 अप्रैल को आयोजित होगी।
हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग के अनुसार, अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड परीक्षा से लगभग एक सप्ताह पहले जारी किए जाएंगे। उम्मीदवारों को उनके रोल नंबर और परीक्षा केंद्र की जानकारी एसएमएस के माध्यम से भी उपलब्ध करवाई जाएगी।
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 312 पद भरे जाएंगे, जिनके लिए 3,119 उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। इन पदों में विभिन्न वर्गों के लिए आरक्षण का प्रावधान रखा गया है, जिससे सभी श्रेणियों के अभ्यर्थियों को अवसर मिल सके। यह भर्ती प्रदेश के सरकारी सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों की कमी को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इसी के साथ स्वास्थ्य क्षेत्र में भी बड़ी भर्ती का रास्ता साफ हुआ है। आयोग ने असिस्टेंट स्टाफ नर्स (पोस्ट कोड 26004) के पदों में वृद्धि करते हुए कुल संख्या 390 से बढ़ाकर 508 कर दी है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से 118 अतिरिक्त पद स्वीकृत किए गए हैं, जो एलोपैथी श्रेणी के अंतर्गत आते हैं।
इस भर्ती में भी विभिन्न आरक्षित वर्गों के लिए पद निर्धारित किए गए हैं, जिससे अधिक से अधिक अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर मिल सकें। आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।