#रोजगार

February 13, 2026

हिमाचल: भारतीय सेना की वर्दी पहनने का मौका, शुरू हुई आवेदन प्रक्रिया; आयु सीमा में भी दी छूट

हिमाचल में शुरू हुई अग्निवीर भर्ती की आवेदन प्रक्रिया

शेयर करें:

himachal Agniveer Recrutment

शिमला। देश की सीमाओं की रक्षा का जज़्बा रखने वाले हिमाचल प्रदेश के युवाओं के लिए एक बार फिर सुनहरा अवसर सामने आया है। वीरभूमि के नाम से पहचाने जाने वाले हिमाचल के युवाओं को भारतीय सेना की वर्दी पहनकर मातृभूमि की सेवा करने का मौका मिलने जा रहा है। सेना भर्ती कार्यालय पालमपुर ने अग्निवीर भर्ती 2027 का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है, जिससे कांगड़ा और चंबा जिलों के युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

अग्निवीर भर्ती को आवेदन प्रक्रिया शुरू

भारतीय सेना के पालमपुर स्थित सेना भर्ती कार्यालय के माध्यम से यह भर्ती प्रक्रिया संचालित की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी आज यानी 13 फरवरी 2026 से 1 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन केवल सेना की आधिकारिक वेबसाइट http://www.joinindianarmy.nic.in  पर ही स्वीकार किए जाएंगे।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल पंचायत चुनाव: सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, 31 मई तक हर हाल में वोटिंग का आदेश

इन श्रेणियों में होगा चयन

इस भर्ती अभियान के तहत युवाओं को विभिन्न श्रेणियों में आवेदन का अवसर मिलेगा:

  • अग्निवीर जनरल ड्यूटी
  • अग्निवीर टेक्निकल
  • अग्निवीर क्लर्क / स्टोर कीपर टेक्निकल (SKT)
  • अग्निवीर ट्रेडमैन (10वीं पास)
  • अग्निवीर ट्रेडमैन (8वीं पास)
  • अग्निवीर वूमेन मिलिट्री पुलिस

इन पदों के माध्यम से युवा न केवल सेना का हिस्सा बनेंगे, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा की भावना को भी आत्मसात करेंगे।

रजिस्ट्रेशन से पहले जान लें जरूरी शर्तें

ऑनलाइन आवेदन करते समय अभ्यर्थियों का ई-मेल आईडी और आधार कार्ड सक्रिय मोबाइल नंबर से लिंक होना अनिवार्य है। बिना इन औपचारिकताओं के आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं की जा सकेगी। सेना भर्ती कार्यालय ने युवाओं से अपील की है कि वे आवेदन से पहले सभी दिशा-निर्देश ध्यानपूर्वक पढ़ लें, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि न हो।

यह भी पढ़ें: विदेश में चमका पहाड़ी बॉय सुनील, पैरा एथलेटिक्स में दूसरा पदक जीत बढ़ाया हिमाचल का मान

आयु सीमा में राहत

इस बार भर्ती में अधिकतम आयु सीमा में एक वर्ष की छूट दी गई है। अब 17.5 वर्ष से लेकर 22 वर्ष तक के युवा आवेदन कर सकते हैं। यह राहत उन युवाओं के लिए विशेष अवसर लेकर आई है, जो पिछले वर्षों में आयु सीमा के कारण आवेदन नहीं कर पाए थे।

कैसे होगा चयन, कब होगी परीक्षा

भर्ती प्रक्रिया कई चरणों में पूरी होगी। पहला चरण लिखित परीक्षा का है, जो 1 जून 2026 से 15 जून 2026 के बीच देशभर के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को शारीरिक परीक्षण और अन्य चरणों के लिए बुलाया जाएगा।

चार साल की सेवा, 25% को स्थायी नियुक्ति

अग्निवीर योजना के तहत चयनित युवाओं को चार वर्षों तक सेना में सेवा देनी होगी। इस अवधि के बाद 75 प्रतिशत अग्निवीरों को सेवा से मुक्त किया जाएगा, जबकि 25 प्रतिशत को स्थायी नियुक्ति दी जाएगी। वेतन की बात करें तो पहले वर्ष 30,000 रुपये मासिक वेतन मिलेगा, जो चौथे वर्ष तक बढ़कर 40,000 रुपये प्रति माह हो जाएगा।

 

यह भी पढ़ें : दोस्तों के साथ हिमाचल में मौज मस्ती करने आया था पंजाबी युवक, अचानक थम गई सांसें

समस्या होने पर यहां करें संपर्क

यदि आवेदन प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी या अन्य समस्या आती है, तो अभ्यर्थी सीधे सेना भर्ती कार्यालय पालमपुर से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए आधिकारिक ई-मेल आईडी aropalampur@gmail.com  जारी की गई है, जहां अपनी समस्या भेजकर समाधान प्राप्त किया जा सकता है।

हिमाचल की परंपरा, सेना में योगदान की विरासत

हिमाचल प्रदेश लंबे समय से देश को वीर सैनिक देने के लिए जाना जाता है। कांगड़ा और चंबा जैसे जिलों से बड़ी संख्या में युवा सेना में भर्ती होकर देश की सेवा कर चुके हैं। अग्निवीर भर्ती 2027 के जरिए एक बार फिर प्रदेश के युवाओं को वर्दी पहनने और सरहदों पर तिरंगे की रक्षा करने का गौरव प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख