#हिंदी
September 4, 2025
हिमाचल भूस्खलन : मलबे में दबे NDRF जवान और मजदूर का 36 घंटे बाद भी नहीं मिला कोई सुराग
देर रात हुआ भूस्खलन- नहीं मिला संभलने का मौका
शेयर करें:
कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में कुदरत का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। कुल्लू में बीते मंगलवार रात करीब 11 से 12 बजे के बीच अखाड़ा बाजार के पास अचानक पहाड़ी से मलबा गिरा और एक रिहायशी मकान पर जा धमका। हादसे में NDRF जवान समेत दो लोग मलबे में दब गए।
भूस्खलन में दबे दोनों लोगों का 36 घंटे बाद तक भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। रेस्क्यू टीमों द्वारा दोनों लोगों की मलबे में तलाश की जा रही है। मगर दोनों का कहीं कुछ पता नहीं चल पा रहा है।
घर पर हुआ था भूस्खलन
जानकारी के अनुसार, प्रभावित मकान में अलग-अलग कमरे में लोग रह रहे थे। एक कमरे में जवान जबकि दूसरे में दो कश्मीरी मजदूर रहते थे। हादसे के वक्त मलबा गिरने पर एक मजदूर खिड़की से बाहर निकलकर जान बचाने में सफल रहा, लेकिन उसका साथी मलबे में दब गया।
भूस्खलन का मलबा सीधे घर की छत पर आ गिरा, जिससे छत पूरी तरह कंक्रीट और पत्थरों के मलबे में तब्दील हो गई। पूरा मकान ढह जाने के कारण दबे हुए लोगों तक पहुंचना मुश्किल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही DC कुल्लू तोरुल एस रवीश और SP कार्तिकेयन गोकुल चंद्रन मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। रातभर NDRF और स्थानीय प्रशासन की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी रहीं। आज सुबह से ही दोनों को मलबे में ढूंढा जा रहा है, लेकिन दोनों का अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है।
फिलहाल, राहत दल लगातार मलबा हटाने में लगे हुए हैं और प्रशासन का कहना है कि दबे लोगों को निकालने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है। इलाके में दहशत और मातम का माहौल है।