#अपराध

October 4, 2026

हिमाचल: देवता महासू मंदिर में चोरी: चांदी की सिल्लियां, छत्र- शिवलिंग और नकदी ले उड़े चोर

आधी रात को मुख्य दरवाजा तोड़ अंदर घुसा चोर, लोहे की तिजोरी भी तोड़ी

शेयर करें:

rohru crime News

शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिला के रोहड़ू में लोगों की गहरी आस्था से खिलवाड़ करने वाला मामला सामने आया है। बड़शाल स्थित देवता महासू मंदिर में रात के अंधेरे में एक अज्ञात शख्स घुस गया और मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए वहां रखी कीमती चांदी की वस्तुओं पर हाथ साफ कर दिया।

 

आरोपी ने मंदिर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर पहुंचने के बाद लोहे की तिजोरी को भी निशाना बनाया। तिजोरी से करीब एक-एक किलोग्राम वजन की चांदी की दो सिल्लियां चोरी कर ली गईं। इसके बाद मंदिर में रखी अन्य चांदी की वस्तुओं और नकदी पर भी हाथ साफ कर आरोपी मौके से फरार हो गया।

आधी रात को मंदिर में घुसा चोर

बताया जा रहा है कि चोरी की यह वारदात 2 और 3 अक्टूबर की मध्यरात्रि के दौरान हुई। रात के सन्नाटे का फायदा उठाकर अज्ञात व्यक्ति बड़शाल के देवता महासू मंदिर में दाखिल हुआ। मंदिर के मुख्य दरवाजे पर लगा ताला तोड़ने के बाद वह अंदर पहुंचा और वहां रखी लोहे की तिजोरी का दरवाजा भी तोड़ दिया। तिजोरी के भीतर रखी करीब दो किलोग्राम चांदी की सिल्लियां गायब मिलीं। इसके बाद जब मंदिर परिसर में रखे सामान की जांच की गई तो कई अन्य कीमती धार्मिक वस्तुएं भी गायब पाई गईं।

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार की नई पहल: हिमाचल की 136 पंचायतों को जारी किए 25-25 लाख; जानें क्या है कारण

चांदी का छत्र और शिवलिंग भी नहीं छोड़ा

मंदिर में चोरी करने पहुंचे व्यक्ति ने केवल चांदी की सिल्लियों तक ही खुद को सीमित नहीं रखा। पुलिस के अनुसार मंदिर में मूर्ति के पास रखा करीब 500 ग्राम वजन का चांदी का छत्र और मूर्ति के साथ रखा करीब 500 ग्राम का चांदी का शिवलिंग भी चोरी हो गया। यानी मंदिर से करीब दो किलो चांदी की सिल्लियों के साथ धार्मिक आस्था से जुड़ी चांदी की वस्तुएं भी चोर अपने साथ ले गया। मंदिर में तलाशी के दौरान मूर्ति के पास रखे एक डिब्बे से करीब 9 हजार रुपये की नकदी भी गायब मिली।

 

यह भी पढ़ें : मोदी सरकार ने हिमाचल के इस जिला को दी करोड़ों की राशि, विक्रमादित्य के PWD को मिली पहली किस्त

करीब सात लाख रुपये की चांदी पर साफ किया हाथ

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोरी हुई चांदी की वस्तुओं की मौजूदा बाजार कीमत करीब 7 लाख रुपये आंकी गई है। हालांकि मंदिर से धार्मिक महत्व की वस्तुओं के चोरी होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों के लिए यह घटना केवल आर्थिक नुकसान का मामला नहीं, बल्कि उनकी आस्था से जुड़ी जगह की सुरक्षा में सेंध का मामला भी है।

महासू देवता मंदिर क्षेत्र के लोगों के लिए आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे में रात के समय मंदिर में घुसकर चांदी की धार्मिक वस्तुओं को चोरी किए जाने की घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: होटल का कमरा... 4 युवक, एक युवती; हो रही थी चिट्टे की डील- पुलिस ने मारा छापा

शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलने के बाद मंदिर से जुड़े लोगों ने मामले की शिकायत पुलिस से की। बड़शाल निवासी सुरेंद्र सिंह की लिखित शिकायत के आधार पर रोहड़ू पुलिस थाना में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(3), 305 और 3(5) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच खड़राला पुलिस चौकी के प्रभारी एएसआई संजय कर रहे हैं।

चोर तक पहुंचने के लिए जुटाए जा रहे सुराग

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मंदिर में चोरी करने वाला व्यक्ति कौन था और वारदात को अंजाम देने के बाद वह किस रास्ते से फरार हुआ। जांच टीम घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है और आरोपी तक पहुंचने के लिए संभावित सुराग जुटाए जा रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : रात के अंधेरे में डंपर से टकराई कार- 3 लोगों की मौके पर मौ**त, मची चीख-पुकार

 

फिलहाल अज्ञात आरोपी ने मंदिर के मुख्य दरवाजे से लेकर तिजोरी तक को निशाना बनाकर चोरी की है। पुलिस जांच आगे बढ़ने के साथ इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात में एक ही व्यक्ति शामिल था या इसके पीछे कोई और भी था।

आस्था के मंदिर में चोरी से लोगों में रोष

रोहड़ू के बड़शाल में सामने आई इस वारदात ने एक बार फिर धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस मंदिर में लोग श्रद्धा और विश्वास के साथ देवता के दर्शन करने पहुंचते हैं, उसी मंदिर में रात के अंधेरे में सेंध लगाकर चांदी की सिल्लियां, छत्र, शिवलिंग और नकदी चोरी कर ली गई। अब स्थानीय लोगों को पुलिस जांच से उम्मीद है कि मंदिर में चोरी करने वाले आरोपी को जल्द पकड़ा जाएगा और चोरी हुई धार्मिक वस्तुओं को बरामद किया जाएगा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख