#अपराध
May 3, 2026
हिमाचल में युवकों ने मचाया हुड़दंग : चलती कार से लटके बाहर, बियर पीते किया फोटोशूट
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही युवकों की वीडियो
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश में पर्यटको का तांता लगा रहता है। ऐसे में पर्यटकों द्वारा बरती जा रही लापरवाही के कई मामले सामने आते रहते हैं। ताजा मामला किरतपुर-मनाली फोरलेन से सामने आया है- जिसने सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बैहना और चक्कर के बीच का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें हरियाणा नंबर की कार में सवार दो युवक चलती गाड़ी में स्टंट करते हुए नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह घटना 2 मई की है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि तेज रफ्तार कार में बैठे युवक आधे शरीर को खिड़की से बाहर निकालकर बीयर पी रहे हैं।

यह हरकत न केवल यातायात नियमों का खुला उल्लंघन है, बल्कि उनकी खुद की जान के साथ-साथ अन्य राहगीरों की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा बन सकती थी। करीब 20 सेकंड के इस वीडियो में युवक बीयर पीने के बाद बोतल बाहर फेंकते भी दिखाई दे रहे हैं, जिससे सड़क पर चल रहे अन्य वाहनों को नुकसान पहुंचने की आशंका थी।
जानकारी के अनुसार, यह वीडियो पीछे चल रही एक अन्य गाड़ी में सवार लोगों ने रिकॉर्ड किया और बाद में इसे सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो सामने आते ही स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
लोगों का कहना है कि कुछ बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटक हिमाचल के शांत माहौल और नियमों की अनदेखी कर प्रदेश की छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं। मामला सामने आने के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई है।
SP मंडी विनोद कुमार ने कहा कि वीडियो उनके संज्ञान में आ चुका है और इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

गौरतलब है कि इससे पहले भी हिमाचल में इस तरह की लापरवाही और स्टंटबाजी के कई मामले सामने आ चुके हैं। कई बार ऐसी हरकतें गंभीर हादसों का कारण बन चुकी हैं- जिनमें युवाओं को अपनी जान तक गंवानी पड़ी है। ऐसे में प्रशासन और स्थानीय लोग दोनों ही सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।