#हादसा
July 29, 2026
हिमाचल : सबुह-सवेरे HRTC बस और स्कूली वाहन की टक्कर, कई छात्र थे सवार; मची चीख-पुकार
टक्कर के बाद सड़क पर लगा लंबा जाम, मची अफरा-तफरी
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना में बुधवार को एक सड़क हादसे के बाद कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे के चलते मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जबकि घटना में एक छात्रा घायल हो गई।
ऊना-नंगल मुख्य मार्ग पर चताड़ा मोड़ के पास ये हादसा पेश आया है। यहां एक शैक्षणिक संस्थान की टेम्पो ट्रैवलर डिवाइडर कट से मुड़ रही थी, तभी सामने से आ रही HRTC बस से उसकी टक्कर हो गई। हादसे में टेम्पो ट्रैवलर में सवार एक छात्रा घायल हो गई, जबकि अन्य यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मुख्य मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल छात्रा को प्राथमिक उपचार दिलाने में मदद की।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने एक बार फिर चताड़ा मोड़ के डिवाइडर कट को हादसों की बड़ी वजह बताया। उनका कहना है कि इस स्थान पर वाहन मोड़ते समय सामने से आने वाले ट्रैफिक को देखना मुश्किल होता है, जिससे अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। कई अन्य डिवाइडर कट भी इसी तरह जोखिम पैदा कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि ऐसे खतरनाक डिवाइडर कटों की समीक्षा कर आवश्यक सुधार किए जाएं। उनका कहना है कि जहां जरूरत हो वहां उचित संकेतक लगाए जाएं और दुर्घटना संभावित स्थानों को सुरक्षित बनाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।