#अपराध
July 29, 2026
चंडीगढ़ से HRTC बस में चिट्टा लेकर आ रहा था युवक, सीट के नीचे छिपा रखी थी खेप
बस की सीट के नीचे मिला चिट्टा
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत शिमला पुलिस की स्पैशल सैल को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस टीम ने चंडीगढ़ से शिमला आ रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस से ढेर सारा चिट्टा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, शिमला पुलिस की स्पैशल सैल को गुप्त सूचना मिली थी कि कृष्णा नगर का रहने वाला एक युवक चंडीगढ़ से शिमला आने वाली HRTC बस में चिट्टे की खेप लेकर आ रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की योजना बनाई और आरोपी को पकड़ने के लिए नाकेबंदी शुरू कर दी।
सूचना मिलने के बाद स्पैशल सैल की टीम ने पुलिस पोस्ट शोघी के पास नाकेबंदी कर दी। पुलिस को जिस बस के बारे में सूचना मिली थी, उसे शोघी के पास जांच के लिए रोक लिया गया। इसके बाद पुलिस जवानों ने बस के अंदर यात्रियों और उनके सामान की तलाशी शुरू की।
बस की तलाशी के दौरान पुलिस टीम ने युवक की सीट के नीचे जांच की। तलाशी के दौरान सीट के नीचे से 10.34 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। नशीला पदार्थ बरामद होते ही पुलिस ने उसे अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान सौरव घारू, निवासी कृष्णा नगर, जिला शिमला के रूप में हुई है।
चिट्टा बरामद होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना बालूगंज में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी पर NDPS एक्ट की धारा 21 के तहत कार्रवाई की है। मामले की जांच अब आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह चिट्टा कहां से लेकर आया था और इसे शिमला में किसे सप्लाई किया जाना था। इसके अलावा पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश करेगी कि इस मामले के पीछे कोई और व्यक्ति या नशा तस्करी का नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।