#यूटिलिटी
March 7, 2026
हिमाचल में गर्मी का असर तेज : तीन जिलों में हीट वेव का अलर्ट; जानें कब होगी बारिश-बर्फबारी
कई शहरों में तापमान 30 डिग्री के पार
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मार्च की शुरुआत के साथ ही मौसम ने अचानक करवट ले ली है। सामान्य तौर पर इस समय जहां पहाड़ी इलाकों में हल्की ठंड और सुहावना मौसम रहता है, वहीं इस बार कई जिलों में गर्मी का असर तेजी से बढ़ता दिखाई दे रहा है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के तीन जिलों कुल्लू, मंडी और सोलन के कुछ क्षेत्रों में आज लू चलने की चेतावनी जारी की है। विभाग ने लोगों को दिन के समय तेज धूप से बचने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार तापमान में अचानक हुई इस बढ़ोतरी का असर सबसे ज्यादा बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं पर पड़ सकता है। इसलिए इन वर्गों को विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भी लोगों से पर्याप्त पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और दोपहर के समय घर के अंदर रहने की सलाह दी है।
प्रदेश के अधिकांश शहरों में इन दिनों तापमान सामान्य से काफी ज्यादा रिकॉर्ड किया जा रहा है। राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 9 डिग्री सेल्सियस अधिक चल रहा है, जबकि न्यूनतम तापमान में भी लगभग 5.3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
राजधानी शिमला में भी मौसम ने लोगों को हैरान कर दिया है। आमतौर पर 6 मार्च के आसपास शिमला का अधिकतम तापमान लगभग 15 डिग्री सेल्सियस रहता है, लेकिन इस बार स्थिति अलग है। यहां न्यूनतम तापमान ही 15.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से काफी ज्यादा है। वहीं अधिकतम तापमान भी सामान्य से करीब 10.1 डिग्री अधिक दर्ज करते हुए 25.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
प्रदेश के करीब 11 शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। सबसे ज्यादा तापमान ऊना में दर्ज किया गया, जहां पारा 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह स्थिति मार्च के शुरुआती दिनों के लिहाज से काफी असामान्य मानी जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश में एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा और कुल्लू की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात होने की संभावना जताई गई है।
विभाग का अनुमान है कि 8 मार्च को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ बना रहेगा। हालांकि, 9 मार्च को एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो सकता है, जिसके चलते 11 और 12 मार्च को हिमाचल प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश होने के आसार हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि अगर बारिश होती है तो तापमान में थोड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है, जिससे लोगों को बढ़ती गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। फिलहाल विभाग ने लोगों से मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए सतर्क रहने और जरूरी सावधानी बरतने की अपील की है।