#विविध

May 21, 2026

शिमला को राहत : सफाई कर्मियों की हड़ताल खत्म, मांगों पर बनी सहमति- शुक्रवार से उठेगा कूड़ा

41 कर्मचारियों के टर्मिनेशन आदेश वापस

शेयर करें:

Municipal Corporation

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में शहर के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। नगर निगम प्रशासन और सैहब सोसाइटी कर्मचारियों के बीच हुई अहम बैठक के बाद सफाई कर्मियों ने अपनी हड़ताल समाप्त करने का फैसला लिया है। इसके साथ ही शुक्रवार से शहर में घर-घर जाकर नियमित रूप से कूड़ा उठाने का काम दोबारा शुरू होगा।

सहमति बनने के बाद यूनियन ने हड़ताल खत्म

मिली जानकारी के अनुसार, आज यानी गुरुवार को नगर निगम महापौर सुरेंद्र चौहान और सैहब कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधियों के बीच लंबी बातचीत हुई। बैठक में कर्मचारियों की कई प्रमुख मांगों पर सहमति बनने के बाद यूनियन ने हड़ताल खत्म करने की घोषणा की।

यह भी पढ़ें : हिमाचल नगर परिषद चुनाव नतीजों पर भाजपा की लड़ाई- सांसद और पूर्व मंत्री में खुलकर टकराव

बताया गया कि कर्मचारियों की रोकी गई 10 प्रतिशत वेतन वृद्धि को आगामी एजीएम में बहाल करने पर सहमति बनी है।

41 कर्मचारियों के टर्मिनेशन आदेश वापस

इसके अलावा 41 कर्मचारियों के टर्मिनेशन आदेश वापस लेने और विशेष अवकाश देने जैसे मुद्दों पर भी सकारात्मक फैसला लिया गया। कर्मचारी यूनियन ने कहा कि नगर निगम प्रशासन द्वारा मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाने के बाद सभी कर्मचारी अब वापस काम पर लौटेंगे।

यह भी पढ़ें : सोने का बोल कमरे में गई 16 वर्षीय लड़की, कुछ घंटों बाद मां को मिली लाडली की देह

पिछले सात दिनों से जारी हड़ताल के कारण शहर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई थी। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

डीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन

गौरतलब है कि इससे पहले भी कर्मचारियों और नगर निगम के बीच बातचीत हुई थी, लेकिन उस समय कोई समाधान नहीं निकल पाया था। गुरुवार को डीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन के बाद दोबारा वार्ता हुई और आखिरकार सहमति बन गई। हड़ताल समाप्त होने के बाद अब शहरवासियों ने भी राहत की सांस ली है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख