#हिमाचल
April 9, 2026
सुक्खू सरकार ने निकाली 808 पदों पर भर्ती, 30 हजार प्रतिमाह मिलेगा वेतन; जानें आवेदन सहित अन्य शर्तें
इस वेबसाइट के माध्यम से करें आवेदन
शेयर करें:

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में सरकारी शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग, हमीरपुर ने CBSE से संबद्ध सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के 808 पदों पर भर्ती के लिए विस्तृत अधिसूचना जारी कर दी है। आयोग ने योजना आधारित सीधी भर्ती/नियुक्ति के तहत इच्छुक और पात्र उम्मीदवारों से ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं।
आवेदन प्रक्रिया 17 अप्रैल 2026 सुबह 10:00 बजे से शुरू होगी और 8 मई 2026 रात 11:59 बजे तक जारी रहेगी। इसके बाद आवेदन लिंक स्वतः निष्क्रिय कर दिया जाएगा। उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट hprca.hp.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 808 पद भरे जाएंगे। विषयवार पदों का विवरण इस प्रकार है-
चयनित अभ्यर्थियों को शैक्षणिक वर्ष में 10 महीने तक हर महीने 30,000 रुपये का फिक्स्ड मानदेय दिया जाएगा।
राज्य चयन आयोग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार के ऑफलाइन आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उम्मीदवारों को OTR पोर्टल पर पहले पंजीकरण करना अनिवार्य होगा। इसके बाद ही ORA (ऑनलाइन भर्ती आवेदन) फॉर्म भरा जा सकेगा।
ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि के बाद चार दिनों के लिए करेक्शन विंडो खोली जाएगी। इस दौरान तय शुल्क जमा कर अभ्यर्थी अपने आवेदन पत्र में हुई गलतियों को सुधार सकेंगे।
सभी श्रेणियों के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 45 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी।
आयोग ने साफ किया है कि यह भर्ती पूरी तरह योजना आधारित होगी। नियुक्तियां पांच वर्षों के लिए अस्थायी तौर पर की जाएंगी।
इन पदों पर चयनित शिक्षक सरकारी कर्मचारी नहीं माने जाएंगे। उन्हें नियमित सरकारी पदों पर समायोजन या नियमितीकरण का कोई अधिकार नहीं होगा। सरकारी कर्मचारियों पर लागू पेंशन, छुट्टी, चिकित्सा प्रतिपूर्ति और अन्य सेवा नियम भी इन नियुक्तियों पर लागू नहीं होंगे।
आयोग ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि अंतिम तारीख का इंतजार न करें और तकनीकी दिक्कतों से बचने के लिए समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। भर्ती से जुड़ी पात्रता, चयन प्रक्रिया और अन्य नियमों की विस्तृत जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।