#हादसा
April 9, 2026
हिमाचल : स्कूल एडमिशन करवाने गई थी मां, गेट के बाहर तेज रफ्तार कार ने कुचला बेटा- हुई मौ*त
परिवार ने खोया लाडला बेटा, रो-रो कर हो रहा बुरा हाल
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। इस हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है। भड़ोली के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से 11 वर्षीय एक स्कूली छात्र की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि यह हादसा उस समय हुआ, जब बच्चा अपनी मां के साथ स्कूल से बाहर निकल रहा था। उसकी मां उसे स्कूल में दाखिला दिलाने के बाद वापस घर लौट रही थीं। इसी दौरान अचानक तेज गति से आई कार ने बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि रिश्व गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और आसपास मौजूद लोग तुरंत उसे नागरिक अस्पताल ज्वालामुखी लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान रिश्व के रूप में हुई है- जो अधवाणी क्षेत्र के धनोट गांव का रहने वाला था। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक की मां सुलोचना देवी की शिकायत के आधार पर धर्मशाला के खनियारा निवासी कार चालक आशीष कुमार के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।
इस घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल है। पुलिस टीम द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए देहरा भेजा गया है। इस घटना ने एक बार फिर सड़कों पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को उजागर कर दिया है।