#हादसा
April 9, 2026
हिमाचल : सुबह-सवेरे खड़े ट्रक से बोलेरो की टक्कर, उड़े परखच्चे- तीन लोग थे सवार
दोनों गाड़ियों के उड़े परखच्चे, मौके पर अफरा-तफरी
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश में आए दिन कई भीषण सड़क हादसे पेश आ रहे हैं। इन भयानक हादसों में कई लोग अपनी जान भी गंवा रहे हैं। ताजा मामला सोलन जिले से सामने आया है- जहां एक दर्दनाक सड़क हादसे में व्यक्ति की मौत हो गई है।
रबोन क्षेत्र में सुबह-सवेरे पेश आए इस भीषण सड़क दुर्घटना ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। सड़क किनारे खड़े ट्रक से बोलेरो वाहन की जोरदार टक्कर में जहां एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, बोलेरो में सवार लोग किन्नौर क्षेत्र से सोलन की ओर किसी निजी काम से आ रहे थे। जैसे ही वाहन रबोन के पास पहुंचा, चालक अचानक संतुलन खो बैठा और गाड़ी सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य दो का इलाज जारी है।
हादसे में दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए हैं। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर सड़कों पर सावधानी और सुरक्षित ड्राइविंग की जरूरत को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग भी उठाई है।