#अपराध

April 16, 2026

हिमाचल: झाड़ियों में इस हाल में मिली युवक की देह, कपड़े-जूते देख सहमे परिजन; बोले- ये तो हमारा बेटा है

15 दिन से लापता बेटे की झाड़ियों में मिली देह, परिवार की टूटी उम्मीद

शेयर करें:

Chamba crime News

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला में एक परिवार की उम्मीदें उस समय चकनाचूर हो गईं, जब 15 दिन से लापता जवान बेटे के जिंदा लौटने की आस अचानक खत्म हो गई। वीरवार को युवक का शव मिलने की खबर ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी, जबकि परिवार के लिए यह पल जिंदगी का सबसे बड़ा सदमा बन गया। परिवार को उम्मीद थी कि बेटा देर सवेर घर लौट आएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

दुर्गंध ने खोला राज, झाड़ियों में मिला शव

मिली जानकारी के अनुसार चंबा जिला की पर्यटन नगरी डल्हौजी के सुभाष चौक से बस स्टैंड जाने वाले मार्ग पर स्थानीय लोगों को तेज दुर्गंध महसूस हुई। सूचना मिलने पर नगर परिषद की टीम मौके पर पहुंची और छानबीन के दौरान एक निजी भवन के पीछे सड़क से नीचे झाड़ियों में शव पड़ा मिला। इस दृश्य ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल पंचायत चुनाव: निर्वाचन आयुक्त ने DC और SP को दी ये चेतावनी, इस दिन होगी चुनावी घोषणा!

कपड़ों से हुई पहचान, परिजनों का बुरा हाल

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर परिजनों को बुलाया गया। कपड़ों और जूतों के आधार पर शव की पहचान नील कमल उर्फ मिट्ठू (40) के रूप में हुई। अपने प्रियजन को इस हालत में देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

15 दिन से लापता था युवक

नील कमल 2 अप्रैल से लापता था। परिवार ने उसे हर जगह तलाशा, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। परिवार को उम्मीद थी कि वह सुरक्षित लौट आएगा, लेकिन यह उम्मीद अब हमेशा के लिए टूट गई।

 

यह भी पढ़ें : पंचायत चुनाव पर CM सुक्खू का मास्टरस्ट्रोक: कार्यकर्ताओं को दिया फ्री हैंड; नहीं होगा कोई पार्टी बंधन

हादसे की आशंका

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक की मौत संभवतः ऊंचाई से गिरने के कारण हुई है। फिलहाल परिजनों ने किसी प्रकार का संदेह नहीं जताया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की गहनता से जांच जारी है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। जिस परिवार को 15 दिन से अपने सदस्य के लौटने की आस थी, आज उसी घर में मातम पसरा है। 

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख